Hero Image

भाजपा नेता व पंचायत अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या, एक घायल

पूलक

कछार (असम), 20 मार्च (हि.स.)। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में भाजपा नेता एवं नवनिर्वाचित पंचायत अध्यक्ष की बुधवार की तड़के अस्पताल में इलाजरत अवस्था में मौत हो गई। भाजपा नेता की मौत को लेकर इलाके में भारी उत्तेजना का माहौल उत्पन्न हो गया है।

घटना के अनुसार बीती देर रात लगभग 9 बजे के आसपास कछार जिला के बड़खोला विधानसभा अंतर्गत झापीरबंद से महासड़क को जोड़ने वाली सड़क पर अज्ञात हमलावरों ने अंधांधुध गोलीबारी की, जिसके चलते हतिछोड़ा पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व युवा भाजपा नेता सुखेंदु दास तथा उसका भांजा रिंकू सेनापति गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों मोटर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच कर दोनों को खून से लथपथ अवस्था में सिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। सुखेंदु दास की हालत गंभीर देख उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया।

पूरी रात जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए तड़के सुखेंदु की मौत हो गई। घटना की जाकनारी मिलते ही सिलचर मेडिकल कालेज अस्पताल में पुलिस अधीक्षक मुग्धज्योति महंत पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गए। वहीं भाजपा के बड़खोला के विधायक किशोर नाथ, उदारबंद के विधायक मिहिर कांति सोम, भाजपा के जिला अध्यक्ष कौशिक राय, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राजदीप राय के साथ ही काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक पहुंच गए। इस घटना के बाद बड़खोला इलाके में भारी उत्तेजना का माहौल उत्पन्न हो गया है। लोगों ने घटना के बाद से सड़क को अवरूद्ध कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। माना जा रहा है कि शव के घर में पहुंचने पर स्थिति बेहद जटिल हो सकती है। जिसको देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

इस घटना की जानकारी स्वयं मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक से ली है। साथ ही उन्होंने भाजपा नेता की मौत पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की ह। साथ ही पुलिस प्रशासन को इस हत्याकांड में शामिल लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने का कड़ा निर्देश दिया है। वहीं रिंकू सेनापति का अभी भी सिलचर मेडिकल कालेज अस्पताल के आईयूसी में इलाज चल रहा है। लोकसभा चुनावों के दौरान भाजपा नेता की नृशंस हत्या से इलाके में राजनीतिक माहौल बेहद गर्म हो चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार

READ ON APP