Hero Image

ग्रीन कार्ड का लंबा इंतजार... अमेरिका में भारतीयों की बढ़ती चाह के मायने क्या हैं

अमेरिका की नागरिकता हासिल करने के मामले में वहां रहने वाला भारतीय समुदाय अब दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक साल 2022 में 65,960 भारतीयों को आधिकारिक तौर पर अमेरिकी नागरिकता प्रदान की गई। इसके बाद अमेरिका में नए नागरिकों के स्रोत के रूप में भारत मेक्सिको के बाद दूसरा सबसे बड़ा देश बन गया। मगर ये आंकड़े न तो अमेरिका में नागरिकता या ग्रीन कार्ड हासिल करने का इंतजार कर रहे भारतीयों की स्थिति बयां करते हैं और न ही उनकी समस्याओं को समझने में कोई मदद करते हैं।
ग्रीन कार्ड के लिए लंबा इंतजार साल 2023 के आंकड़े देखें तो वहां भारतीय मूल के 2,90,000 ऐसे लोग रह रहे हैं जिनके पास बाकायदा ग्रीन कार्ड या LPR (लीगल परमानेंट रेसिडेंसी) है। दूसरे शब्दों में कहा जाए तो वे ऐसे लोग हैं जो अमेरिकी नागरिकता हासिल करने की संभावित पात्रता रखते हैं, लेकिन उनकी बारी नहीं आ रही। इसके अलावा डिपेंडेंट्स को मिला लिया जाए तो करीब 12 लाख भारतीय ऐसे हैं जो अमेरिका में ग्रीन कार्ड के इंतजार में बैठे हैं। इनका एक अच्छा खासा हिस्सा हाईली स्किल्ड की श्रेणी में आता है।
पेंडिंग निपटाने में तेजीहालांकि हाल के वर्षों में नागरिकता आवेदनों के बकाया मामलों को निपटाने में तेजी आई है। 2020 के आखिर में लंबित आवेदनों की संख्या 943,000 हो गई थी जो 2021 में 840,000, 2022 में 550,000 और 2023 में करीब 408,000 तक आ गई थी। मगर लंबित आवेदनों को निपटाने की प्रक्रिया में आई तेजी से ग्रीन कार्ड के लिए लगी भारतीयों की कतार कम करने में खास मदद नहीं मिलने वाली। CRS की 2020 की एक रिपोर्ट के आकलन के मुताबिक साल 2030 तक एम्प्लॉयमेंट बेस्ड ग्रीन कार्ड की टॉप तीन कैटिगरीज में भारतीयों के लंबित आवेदन की संख्या 21 लाख को पार कर जाएगी जिसे निपटाने में मौजूदा कानूनी प्रक्रियाओं के मुताबिक दो सौ साल लगेंगे।
क्या है कानूनी अड़चन?असल में एम्प्लॉयमेंट बेस्ड ग्रीन कार्ड के लिए लंबे इंतजार के पीछे मुख्यतया मौजूदा अमेरिकी कानूनों के दो प्रावधानों की भूमिका है। एक तो एम्प्लॉयमेंट बेस्ड ग्रीन कार्ड की सालाना लिमिट 140,000 निर्धारित करना और दूसरा, प्रति देश 7 फीसदी की सीमा तय कर देना। खास कर प्रति देश 7 फीसदी की यह सीमा बड़ी आबादी वाले भारत जैसे देशों के हाईली स्किल्ड प्रफेशनल्स की राह की बड़ी बाधा बनी हुई है। अनिश्चितता अच्छी नहींइसमें दो राय नहीं कि यह एक जटिल मसला है जिसके कई पहलू हैं। लेकिन गौर करने की बात यह है कि नागरिकता और खासकर ग्रीन कार्ड के लिए दसियों साल का इंतजार न केवल संबंधित व्यक्तियों और उन पर निर्भर लोगों की जिंदगी में अनिश्चितता बनाए रखता है बल्कि दुनिया भर से टैलंट को आकृष्ट करने की अमेरिका की क्षमता को भी प्रभावित करता है।

READ ON APP