Landslide in Arunachal Pradesh : अरुणाचल प्रदेश में बारिश बनी आफत, चीन सीमा के पास भूस्खलन, कई क्षेत्रों से संपर्क टूटा
नई दिल्ली। कहते हैं जरूरत से ज्यादा कोई भी चीज नुकसानदेह हो सकती है। ऐसा ही कुछ अरुणाचल प्रदेश में हुआ जहां लगातार हो रही मूसलाधार बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। भारी बारिश के कारण चीन सीमा के पास तगड़ा भूस्खलन हो गया जिसमें हाईवे का काफी हिस्सा टूट कर बह गया। इस कारण बहुत से सीमावर्ती क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है। आम जनजीवन अस्त व्यस्त है और राज्य सरकार की ओर से भूस्खलन के चलते ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की गई है।
इस संबंध में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भूस्खलन को कहा कि हुनली और अनिनी के बीच राजमार्ग को व्यापक क्षति के कारण यात्रियों को होने वाली असुविधा के बारे में जानकर परेशान हूं। इस संबंध में जल्द से जल्द कनेक्टिविटी बहाल करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को जारी कर दिए गए हैं क्योंकि यह सड़क दिबांग घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ती है। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-33 का एक बड़ा हिस्सा भूस्खलन की चपेट में आ गया।
NH-33 राष्ट्रीय राजमार्ग लोगों के साथ-साथ सेना के लिए काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसी से होकर चीन सीमा से लगे सुदूर क्षेत्रों तक जाया जाता है। अब भूस्खलन के चलते कई क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है। राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि बारिश के चलते हाईवे की मरम्मत में दिक्कत आ रही है। हाईवे चालू होने में तीन से चार दिन का समय लग सकता है। फिलहाल मंजर ये है कि बारिश का पानी सड़क पर नदी जैसे बह रहा है और जहां भूस्खलन हुआ है वहां तेज रफ्तार में पानी ऐसे नीचे गिरता दिख रहा है जैसे पहाड़ों की ऊंचाई से कोई झरना नीचे गिरता है। वीडियो से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि हालात कितने भयावह होंगे।
READ ON APP