Hero Image

ढाई साल की मासूम का अपहरण और हत्या

पिंपरी। संवाददाता : पिंपरी चिंचवड़ की उद्योगनगरी में मंगलवार की सुबह तब खलबली मच गई जब एक ढाई साल के बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या किए जाने की वारदात सामने आई।

पिंपले सौदागर के एक लेबर कैम्प में यह वारदात हुई। आज सुबह बच्ची की लाश पिंपले सौदागर के मिलिट्री एरिया में पाई गई। पुलिस को शक है कि बच्ची के साथ दुराचार के बाद उसकी हत्या कर दी गई होगी। इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने की खबर है।

सांगवी पुलिस के मुताबिक, यह बच्ची पिंपले सौदागर को एक कंस्ट्रक्शन साइट के लेबर कैम्प में अपने माता-पिता के साथ रहती थी। बीती शाम वह घर के पास से अचानक गायब हो गई। उसके घरवालों ने उसे काफी खोजा मगर उसका कहीं कोई पता चल सका। आज सुबह पिंपले सौदागर के मिलिटरी परिसर में उसकी लाश पायी गई। सांगवी पुलिस की टीम ने मौके ओर पहुंचकर बच्ची की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

राष्ट्रवादी ने मांगा मुख्यमंत्री से इस्तीफा

इस घटना के सामने आने के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस ने आक्रामक भूमिका अपनाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जोकि राज्य गृह मंत्री भी हैं, से इस्तीफा मांगा है। क्रूरता की सीमा लांघने और मानवता को कालिख पोतने वाली इस घटना के आरोपी को गिरफ्तार कर उसे फांसी की सजा देने की मांग की गई है। राष्ट्रवादी के एक प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस आयुक्त आरके पद्मनाभन से मिलकर ज्ञापन सौंपा। इसमें यह भी कहा गया है कि, अगर अलग पुलिस आयुक्तालय शुरू होने के बाद भी शहर में अपराध कम नहीं हो रहे हों तो आयुक्तालय को बर्खास्त कर देना चाहिए। क्योंकि आयुक्तालय शुरू होने के बाद भी शहर में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, पुलिस का अपराधियों पर कोई जोर नहीं रहा।

READ ON APP