Hero Image

लखीमपुर के बीजेपी विधायक योगेश वर्मा को होली के दौरान मारी गई गोली, घायल

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में बदमाशों के हौसले इस तरह बुलंद हैं कि अब राज्‍य के विधायक भी महफूज नहीं हैं। होली के उत्‍सव के बीच उत्‍तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में आज बीजेपी विधायक योगेश वर्मा को गोली मार कर घायल कर दिया गया। गोली विधायक के पैर पर लगी। उन्‍हें गंभीर हालत में अस्‍पताल में भर्ती किया गया है।

खबर के मुताबिक विधायक योगेश वर्मा गुरु नानक नहर पुलिया पर अपने साथियों के साथ होली मना रहे थे।

तभी एक चलती कार से हमलावर ने उन पर गोली चला दी। गोली सीधे उनके पैरों पर लगी। घायलावस्‍था में विधायक वर्मा को स्‍थानीय तुलसी मेमोरियल अस्‍पताल में भर्ती कराया गया। अस्‍पताल के बाहर उनके समर्थकों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गई है। शहर के डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंच गए हैं।

विधायक के गनर को सस्पेंड कर दिया गया है। लखीमपुर की एसपी पूनम ने बताया कि अभी तक किसी पिंकी सक्सेना नाम के युवक का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश में टीमों को रवाना कर दिया गया है। मामला दर्ज किया गया है, जांच चल रही है। लखीमपुर के जिलाधिकारी एस सिंह ने बताया कि विधायक योगेश वर्मा से कुछ लोगों से मुलाकात के दौरान उनकी बहस हो गई। उन्हीं लोगों में से एक ने उन्हें गोली मार दी। अस्पताल में भर्ती विधायक अभी सदमे में हैं। उनके ठीक होने पर बयान लिया जाएगा।

READ ON APP