Hero Image

IPL 2024: 22 वर्षीय जैक फ्रेजर-मैगर्क ने रचा इतिहास, जड़ा सीजन का सबसे तेज अर्धशतक

Fastest Fifty in IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2024 में खेल रहे 22 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जैक फ्रेजर मैगर्क ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत के लिए 267 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इतिहास रच दिया। शनिवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में फ्रेजर ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए महज 15 गेंद में अर्धशतक 5 चौके और 5 छक्के की मदद से पूरा किया।

इसके साथ ही ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़कर आईपीएल 2024 में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले प्लेयर भी बन गए।

6.4 ओवर में दिल्ली को पहुंचाया 100 रन के पार
पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर पृथ्वी शॉ के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए जैक फ्रेजर मैगर्क ने पिच पर आते ही आतिशी बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने देखते ही देखते दिल्ली कैपिटल्स को 2 विकेट गंवाने के बावजूद 2.4 ओवर में पचास रन के पार पहुंचा दिया। तीसरे विकेट के लिए उन्होंने अभिषेक पोरेल के साथ 17 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की और इसके बाद 6.4 ओवर में दिल्ली को 100 रन के पार पहुंचा दिया। इससे पहले उन्होंने अपना अर्धशतक भी 15 गेंद में पूरा कर लिया था।

ये भी पढ़ें: IPL 2024: ट्रेविस हेड ने खेली आतिशी पारी, लेकिन रैना का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ने से चूके


361 के स्ट्राइक रेट से बनाए फ्रेजर ने रन
फ्रेजर सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर 18 गेंद पर 65 रन बनाकर पवेलियन वापस लौटे। उन्होंने 361.11 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए पारी के दौरान 5 चौके और 7 छक्के जड़े। फ्रेजर जब पवेलियन लौटे तब दिल्ली ने 7 ओवर में 3 विकेट पर 109 रन बना लिए थे।

नहीं तोड़ पाए यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड
आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज है। यशस्वी ने पिछले सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 13 गेंद में अर्धशतक जड़ा था। यशस्वी के बाद दूसरे पायदान पर केएल राहुल और पैट कमिंस हैं। राहुल ने पंजाब के लिए खेलते हुए और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2018 में आईपीएल का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। राहुल की बराबरी पर भी पैट कमिस हैं जिन्होंने साल 2022 में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ अर्धशतक 14 गेंद में पूरा किया था।

ये भी पढ़ें: IPL 2024: ट्रेविस हेड ने छुड़ाए दिल्ली के गेंदबाजों के छक्के, जड़ा हैदराबाद के लिए सबसे तेज अर्धशतक


जड़ा दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक
दिल्ली कैपिटल्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड अब फ्रेजर मैगर्क के नाम दर्ज हो गया है। उन्होंने इस मामले में क्रिस मॉरिस को पीछे छोड़ा। मॉरिस ने 17 गेंद में दिल्ली के लिए आईपीएल में पचासा जड़ा था। इस सूची में तीसरे पायदान पर पृथ्वी शॉ और ऋषभ पंत हैं। ये दोनों 18-18 गेंद में दिल्ली कैपिटल्स के लिए अर्धशतक आईपीएल में जड़ चुके हैं।

READ ON APP