Hero Image

Lok Sabha Chunav Phase 1 Voting Bihar: जानिए कौन हैं जमुई, गया, औरंगाबाद और नवादा सीट के प्रमुख उम्मीदवार

Lok Sabha Chunav Phase 1 Voting: कई दिनों से चल रहा प्रचार का शोर बुधवार 17 अप्रैल की शाम को थम चुका है। मतदान का दिन भी आ ही गया है। लोकसभा चुनाव 2024 के तहत सात चरणों में मतदान हो रहा है, जिसका पहला चरण शुक्रवार 19 अप्रैल को होगा। शुक्रवार सुबह 7 बजे से पहले चरण की सभी सीटों के लिए मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो जाएंगी।

इस चरण में बिहार की चार सीटों जमुई (Jamui), गया (Gaya), औरंगाबाद (Aurangabad) और नवादा (Nawada) में मतदान हो रहा है। इससे पहले की आप शुक्रवार सुबह-सुबह मतदान के लिए निकलें, जान लें आपके क्षेत्र में प्रमुख उम्मीदवार कौन-कौन हैं।

जमुई लोकसभा सीट (Jamui Lok Sabha Constituency)जमुई बिहार की कुल 40 लोकसभा क्षेत्रों में से एक है। साल 2002 में गठित परिसीमन आयोग की सिफारिश के बाद साल 2008 में यह निर्वाचन क्षेत्र फिर से अस्तित्व में आया है। बिहार की राजधानी पटना से 166 किमी दूर जमुई महत्वपूर्ण सीट है। यहां पर कुल 17.6 लाख मतदाता हैं, जिनमें से अधिकतर ग्रामीण मतदाता हैं। माना जाता है कि जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर को जमुई में ही दिव्य ज्ञान की प्राप्ति हुइ थी, इसलिए यह जैन समुदाय के लिए यह पवित्र स्थान है।
ये भी पढ़ें - बेटे के चुनाव प्रचार के लिए समोसा तलने लगे हरीश रावत, बोले जो खाएगा वो पछताएगा...

बिहार में जमुई लोकसभा सीट बहुत महत्वपूर्ण सीट है। विशेषतौर पर केंद्र में सत्तारूढ़ NDA गठबंधन के लिए क्योंकि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां से लोक जनशक्ति पार्टी के चिराग पासवान चुनाव जीते थे। उस समय उन्हें 5 लाख, 29 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। चिराग पासवान अब लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष हैं और गठबंधन में यह सीट उन्हीं की पार्टी को मिली है। चिराग पासवान ने यहां से अरुण भारती को अपना उम्मीदवार बनाया है। जबकि विपक्षी गठबंधन INDIA की ओर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की अर्चना रविदास यहां से मैदान में हैं। मायावती की बहुजन समाज पार्टी (BSP) भी बिहार में चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिसमें से एक सीट जमुई भी है। उन्होंने यहां से सकलदेव दास को अपना प्रत्याशी बनाया है। ध्यान देने लायक बात यह है कि BSP के उम्मीदवार भी उसी जाति से आते हैं, जिससे RJD प्रत्याशी अर्चना रविदास हैं।

प्रमुख उम्मीदवार ( Jamui Lok Sabha Constituency key Candidates)
  • अरुण भारती - LJP/NDA)
  • अर्चना रविदास - RJD/INDIA
  • सकलदेव दास - BSP

गया लोकसभा सीट ( Gaya Lok Sabha Constituency )
बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से एक गया धार्मिक नगरी है। पहले चरण के मतदान में शुक्रवार 19 अप्रैल को यहां भी लोग वोटिंग करेंगे। इस लोकसभा सीट के लिए चुनाव बड़ा अहम है, क्योंकि यहां से पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी उम्मीदवार हैं। जीत राम मांझी अपनी हम पार्टी और NDA की तरफ से उम्मीदवार हैं। जबकि उनके सामने कुमार सर्वजीत सिंह हैं, जिन्हें विपक्षी गठबंधन INDIA की तरफ से RJD ने टिकट दिया है। इस लोकसभा क्षेत्र में 6 विधानसभा सीटें आती हैं, जिनके नाम शेरघाटी (RJD), बाराचट्टी (HAM), बोध गया (RJD), गया टाउन (BJP), बेलागंज (RJD) और वजीरगंज (BJP) हैं। यानी विधानसभा की सीटों के लिहाज से यहां पर मुकाबला 50-50 का है। तीन सीटें NDA (2 BJP, 1 HAM) और तीन सीटें विपक्षी गठबंधन INDIA की RJD के खाते में हैं।

ये भी पढ़ें - आखिर क्यों चुनावी सभा से ज्यादा रोड शो को तवज्जो दे रहे नेता; जानिए Road Show का विज्ञान


लोकसभा चुनाव 2019 में यहां से JDU के विजय कुमार ने जीत दर्ज की थी और 48 फीसद वोट पड़े थे। दिलचस्प बात है कि पिछले चुनाव में विजय कुमार ने HAM नेता जीतन राम मांझी को पटखनी दी थी। जीतन कुमार मांझी ने 1991 में पहली लोकसभा चुनाव लड़ा था। उस समय जनता दल के राजेश कुमार ने 50 फीसद से ज्यादा वोट पाकर उन्हें हरा दिया था। अब इस बार उन्हीं राजेश कुमार के बेटे कुमार सर्वजीत RJD की ओर से उनके मुकाबले में खड़े हैं। कुमार सर्वजीत, फिलहाल बोध गया से विधायक हैं और पूर्व में महागठबंधन सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।

प्रमुख उम्मीदवार ( Gaya Lok Sabha Constituency key Candidates )
  • जीतनराम मांझी - HAM/NDA
  • कुमार सर्वजीत - RJD/INDIA

औरंगाबाद 37 लोकसभा सीट (Aurangabad Lok Sabha Constituency)लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में 19 अप्रैल को जिन चार सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से एक औरंगाबाद 37 सीट भी है। यह एक हॉट सीट है और भारतीय राजनीति में इस सीट का बड़ा रुतबा है। बिहार में यह बहुत ही महत्वपूर्ण सीट है। लोकसभा चुनाव में यहां के मतदाताओं के अपनी ताकत दिखाने का एक और अवसर है। एक तरफ NDA ने यहां से भाजपा के मौजूदा सांसद सुशील कुमार सिंह को ही फिर से उम्मीदवार बनाया है तो दूसरी तरफ विपक्ष गठबंधन INDIA की तरफ से RJD ने अभय कुशवाह को टिकट दी है।

पटना से 140 किमी दूर औरंगाबाद का नाम मुगल बादशाह औरंगजेब के नाम पर रखा गया था। यह शहर अपने सूर्य मंदिर के लिए मशहूर है। यहां पर राजपूतों की बड़ी संख्या है और इसी वजह से औरंगाबाद को बिहार का चित्तौड़गढ़ भी कहा जाता है। साल 1951 से अब तक यहां से लगातार राजपूत उम्मीदवार जीतते आए हैं। बिहार के कई बड़े नेता, जैसे पहले डिप्टी सीएम डॉ. अनुग्रह नारायण सिन्हा, पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिन्हा जैसे नाम औरंगाबाद से ताल्लुख रखते हैं। बिबिंसार से लेकर अजातशत्रु, चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक तक औरंगाबाद मगध एम्पायर का केंद्र था। औरंगाबाद लोकसभा सीट पर कुल 13 लाख, 76 हजार से ज्यादा मतदाता हैं।

प्रमुख उम्मीदवार
  • सुशील कुमार सिंह – BJP/NDA
  • अभय कुमार कुशवाह – RJD/INDIA
  • सुनेश कुमार - BSP
  • प्रतिभा रानी - RPI-Democratic

नवादा लोकसभा सीट (Nawada Lok Sabha Constituency)
बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से जिन चार सीटों पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान हो रहा है, उनमें से एक नवादा भी है। पूरा नवाजा जिला और शेखपुरा जिले का कुछ हिस्सा इस लोकसभा सीट में आता है। यहां के मौजूदा सांसद चंदन सिंह लोक जनशक्ति पार्टी से हैं और पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने 4 लाख, 95 हजार से ज्यादा वोट पाए थे। NDA ने यहां से भाजपा नेता विवेक कुमार को उम्मीदवार बनाया है, जबकि विपक्षी गठबंधन INDIA की तरफ से RJD नेता श्रवण कुशवाह चुनावी मैदान में हैं। RJD के बागी नेता विनोद यादव भी यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी ने यहां से रंजीत कुमार को अपना प्रत्याशी बनाया है।

नवादा की सीमाएं झारखंड के कोडरमा और गिरिडीह जिलों से मिलती हैं। यहां पर पहाड़ी और मैदानी इलाके हैं। संघ के समय से ही नवादा भाजपा का गढ़ रहा है। साल 2004 को छोड़कर NDA और भाजपा के उम्मीदवार यहां से लगातार चुनाव जीतते रहे हैं।

प्रमुख उम्मीदवार (Nawada Lok Sabha Constituency Key Candidates)
  • विवेक ठाकुर – BJP/NDA
  • श्रवण कुशवाह – RJD/INDIA
  • रंजीत कुमार – BSP
  • विनोद यादव - निर्दलीय (RJD के बागी नेता)

READ ON APP