हरियाणा की महिलाओं के खाते में कब आएंगे 2100 रुपये? लाडो लक्ष्मी योजना पर आया बड़ा अपडेट

Hero Image
चंडीगढ़: हरियाणा में पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक उत्साह के साथ 28 जुलाई को तीज महोत्सव मनाया जाएगा। इस आयोजन के लिए सरकार ने प्रदेश के सभी मंत्रियों की ड्यूटियां लगा दी हैं। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह अंबाला में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी भी उपस्थित रहेंगी। तीज महोत्सव में मुख्यमंत्री महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा कर सकते हैं। प्रदेश की महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना का बेसब्री से इंतजार है। बीजेपी ने 2024 के चुनावी संकल्प पत्र में सत्ता में आने के बाद लाडो लक्ष्मी योजना लागू करने का ऐलान किया था। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये मिलेंगे।





कैबिनेट मंत्री ने दिए थे संकेत


बता दें कि कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी पहले ही कह चुके हैं कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश के मुताबिक हरियाणा सरकार 'लाडो लक्ष्मी योजना' को लेकर तैयारी में लगी हुई है। हमने आयु वर्ग, आय और तमाम पहलुओं का ध्यान रखते हुए योजना तैयार कर ली है। हमारी तरफ से सीएमओ को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और जैसे ही मुख्यमंत्री कार्यालय तथा वित्त विभाग की तरफ से हमें निर्देश मिलेंगे तो तुरंत ही 'लाडो लक्ष्मी योजना' को लेकर काम शुरू हो जाएगा।।





50 लाख महिलाओं को होगा लाभ

उन्होंने कहा था कि मुझे उम्मीद है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश की महिलाओं को मजबूती देने के लिए इस योजना को मंजूरी देंगे। मेरी प्रदेश की बहनों को कैसे सशक्त किया जाए, इस पर हमारा विभाग काम कर रहा है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हमने चुनाव में वादा किया था कि बहनों को सम्मान देकर उनकी मदद करेंगे। हरियाणा में महिलाओं की जनसंख्या 48 प्रतिशत है। पहले चरण में हम 50 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ देने के लिए तैयार हैं। योजना लागू करने की अंतिम तारीख पर मुख्यमंत्री मुहर लगाएंगे।