पंजाब किंग्स ने 219 रन बनाकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी, पीछे छूट गई मुंबई इंडियंस

Hero Image
जयपुर: पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में तूफानी बैटिंग की। सवाई मान सिंह स्टेडियम पर पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। 20 ओवर में पंजाब ने 5 विकेट पर 219 रन बनाए। युवा बल्लेबाज नेहाल वढेरा ने सिर्फ 37 गेंद पर 70 रनों की पारी खेली। शशांक सिंह का बल्ला भी बोला और उन्होंने 30 गेंद पर नाबाद 59 रन ठोके।


पंजाब ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई

पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने इस मैच में रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। टीम के लिए मैच में शुरुआत खराब रही। टॉप-3 बल्लेबाज चौथे ओवर में आउट हो गए। जब प्रभसिमरन सिंह तीसे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए तो टीम का स्कोर 35 रन था। इसके बाद भी पंजाब ने 219 रन बनाए। आईपीएल में 35 रनों के भीतर तीन विकेट खोने के बाद यह सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड लखनऊ सुपर जायंट्स के नाम था।

आईपीएल की एक पारी में 35 रन से कम पर 3 विकेट गिरने के बाद सबसे बड़ा स्कोर
219/5 - PBKS बनाम RR, जयपुर, 2025
213/9 - LSG बनाम RCB, बेंगलुरु, 2023
211/9 - DC बनाम LSG, विशाखापत्तनम, 2025
208/7 - KKR बनाम SRH, कोलकाता, 2024
205/7 - KKR बनाम SRH, कोलकाता, 2023


जयपुर में सबसे बड़ा स्कोर

सवाई मान सिंह स्टेडियम पर सबसे बड़ा आईपीएल स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी पंजाब किंग्स के नाम दर्ज हो गया है। श्रेयस अय्यर की टीम ने मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड तोड़ा। इसी सीजन मुंबई ने राजस्थान के खिलाफ 2 विकेट पर 217 रन बनाए थे। अब पंजाब ने 219 रन बनाकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। राजस्थान का अपने घरेलू मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 2 विकेट पर 214 रन है, जो टीम ने हैदराबाद के खिलाफ 2023 में बनाया था।

सवाई मान सिंह स्टेडियम में पहले खेलते हुए सबसे बड़ा स्कोर
219/5 - PBKS बनाम RR, 2025
217/2 - MI बनाम RR, 2025
214/2 - RR बनाम SRH, 2023
209/4 - GT बनाम RR, 2025
202/5 - RR बनाम CSK, 2023


मिडिल ऑर्डर ने भी रिकॉर्ड बनाया

पंजाब किंग्स के लिए इस मैच में मध्यक्रम (नंबर-4 से नंबर-7) के बल्लेबाजों ने 180 रन बनाए। यह भी आईपीएल का रिकॉर्ड है। पहले यह रिकॉर्ड भी मुंबई इंडियंस के नाम था। 2020 में आरसीबी के खिलाफ मुंबई के नंबर-4 से नंबर-7 तक के बल्लेबाजों ने मिलकर 174 रन बनाए थे।