LIVE: राकेश टिकैत की पगड़ी उछालने के विरोध में महापंचायत, मुजफ्फरनगर पहुंच रहा किसानों का जत्था, पुलिस अलर्ट

Hero Image
मुजफ्फरनगर: भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के साथ हुई धक्का-मुक्की और पगड़ी गिरने की घटना को लेकर पश्चिमी यूपी का माहौल गरमाया हुआ है। इस घटना से टिकैत काफी नाराज हो गए। उन्होंने विरोधियों को करारा जवाब देने की बात कही। आज मुजफ्फरनगर में किसानों और जाटों की महापंचायत शुरू हो गई है। पुलिस और प्रशासन मुस्तैद है। राकेश टिकैत सोशल मीडिया एक्स पर भी ट्रेंड करने लगे।राकेश टिकैत पर हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोगों के हमले के बाद अब महापंचायत का ऐलान किया गया। यह महापंचायत शुरू हो गई है और दूर-दूर से कार्यकर्ता पहुंच रहे है। मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, बागपत, सहारनपुर, शामली, बिजनौर, अमरोहा जिलों से सुबह से ही ट्रैक्टर टॉलियों में सवार होकर कार्यकर्ता मुजफ्फरनगर पहुंचने लगे।
भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत भी किसानों साथियों के काफिले के साथ किसान मजदूर पंचायत के लिए चल पड़े हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में लोग शामिल हैं। जाने से पहले कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। नरेश टिकैत ने कहा कि सिसौली में मीटिंग हुई है। मुखिया नरेश टिकैत ने भावुक स्वर में जाटों के मान-सम्मान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इतिहास पर दाग लगाना नहीं चाहते, वरना जवाब देने में सक्षम हैं। दरअसल, हिंदू संगठनों की रैली में पहुंचे राकेश टिकैत को अपने गढ़ में ही विरोध का सामना करना पड़ा। रैली के दौरान उन पर झंडे से वार हुआ। इसके बाद उनका आक्रोश सामने आया है। पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आयोजित जन आक्रोश रैली के दौरान कुछ लोगों ने उनके सिर पर झंडा मार दिया, जिससे उनकी पगड़ी भी गिर गई। इस दौरान उनके साथ हिंसा का प्रयास भी किया गया लेकिन पुलिस ने किसी तरह से सुरक्षित निकाला।