SP Goyal New Chief Secretary Of UP : एसपी गोयल बने यूपी के नए मुख्य सचिव, संभाला पदभार, योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अफसर
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में आज नए मुख्य सचिव के रूप में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शशि प्रकाश गोयल ने पदभार ग्रहण कर लिया। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह आज शाम रिटायर हो गए जिसके बाद एसपी गोयल ने चार्ज संभाला। एसपी गोयल उत्तर प्रदेश कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनकी गिनती मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बेहद करीबी और भरोसेमंद अफसरों में होती है। योगी सरकार बनने के बाद से एसपी गोयल पंचम तल यानि मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात रहे हैं। सीफ सेक्रेटरी का पद संभालने से पहले गोयल मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। यूपी की ब्यूरोक्रेसी में भी उनकी मजबूत पकड़ है।
ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि मनोज कुमार सिंह को सेवा विस्तार मिल सकता है मगर ऐसा नहीं हुआ और एसपी गोयल को नया मुख्य सचिव नियुक्त करने का आदेश शासन से जारी हो गया। आदेश जारी होने के बाद शाम को एसपी गोयल लोकभवन पहुंचे और पदभार संभाला। मनोज कुमार सिंह ने बुके देकर उनका स्वागत किया और नई जिम्मदारी के लिए बधाई दी। एसपी गोयल अपने कार्यकाल में बहुत से बड़े पदों पर रहते हुए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को बखूबी निभा चुके हैं।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहने वाले हैं गोयल का जन्म 1967 में हुआ था। इटावा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट के रूप में उनकी पहली पोस्टिंग थी। इसके बाद अलीगढ़, बहराइच और मेरठ में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर भी गोयल तैनात रहे। मथुरा, इटावा, प्रयागराज और देवरिया जिलों के डीएम के रूप में भी वो जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। एसपी गोयल ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान दिल्ली में भी काम किया है। नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वो मानव संसाधन मंत्रालय में संयुक्त सचिव के पद पर रह चुके हैं। बाद में 2017 में जब उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनी तो गोयल की उनके मूल कैडर में वापसी हो गई।
The post SP Goyal New Chief Secretary Of UP : एसपी गोयल बने यूपी के नए मुख्य सचिव, संभाला पदभार, योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अफसर appeared first on News Room Post.