आईपीएल में रोहित शर्मा ने काटा बवाल, एक झटके में तोड़ दिया बड़ा रिकॉर्ड, लिस्ट में अब सिर्फ एक खिलाड़ी आगे

क्रिकेट न्यूज डेस्क।। आईपीएल 2025 के एक अन्य अहम मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को उसके घर में 100 रनों से हरा दिया। इस मैच में मुंबई के लिए पारी की शुरुआत करते हुए एक बार फिर रोहित शर्मा ने शानदार पारी खेली। इस मैच में रोहित ने 36 गेंदों पर 53 रन बनाए। जिसके चलते रोहित ने आईपीएल इतिहास का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
रोहित शर्मा ने किया कमाल
रोहित मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 6,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने। रोहित शर्मा ने मुंबई के लिए अपनी 231वीं पारी खेलते हुए यह रिकॉर्ड हासिल किया। उनके नाम मुंबई के लिए कई रिकॉर्ड हैं, जिनमें सबसे अधिक छक्के लगाना और सबसे अधिक 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार जीतना शामिल है। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम को पांच आईपीएल खिताब भी जिताए हैं। रोहित शर्मा अब लीग के इतिहास में एक टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। उन्होंने विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ इस सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। उन्होंने सुरेश रैना और एमएस धोनी जैसे दिग्गजों को भी पीछे छोड़ दिया है।
मुंबई के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी:
रोहित शर्मा: 231 मैच, 6,024 रन
किरोन पोलार्ड: 211 मैच, 3,915 रन
सूर्यकुमार यादव: 101 मैच, 3,377 रन
एक आईपीएल टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज:
विराट कोहली: 8,447 रन (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर)
रोहित शर्मा: 6,024 रन (मुंबई इंडियंस)
सुरेश रैना: 5,529 रन (चेन्नई सुपर किंग्स)
एमएस धोनी: 5,269 रन (चेन्नई सुपर किंग्स)
मुंबई इंडियंस की बड़ी जीत
मैच की बात करें तो मुंबई ने आरआर को 218 रनों का लक्ष्य दिया था। रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन (38 गेंदों पर 61 रन) ने पहले विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी की। रोहित शर्मा 13वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 36 गेंदों पर 53 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल थे। सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने भी शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने 23 गेंदों पर 48-48 रन बनाए और नाबाद रहे। जवाब में राजस्थान की टीम मात्र 117 रन पर ऑल आउट हो गई।