कानपुर देहात में बाढ़ से हाल बेहाल, मंत्री बोले आदमी सीधा स्वर्ग जाता है

कानपुर देहात के भोगनीपुर तहसील क्षेत्र में राहत लेकर पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद अपने बयानों से जनता के जले पर नमक छिड़कने का काम कर गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो न सिर्फ प्रशासन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर रहा है, बल्कि मंत्री जी के ज्ञान पर भी कटाक्ष कर रहा है।
दरअसल, भारी बारिश और नदियों के उफान के चलते भोगनीपुर के कई गांव जलमग्न हो चुके हैं। लोगों के घरों में पानी घुस गया है, मवेशी बह गए, और खेत तबाह हो गए। इन हालातों में सरकार ने ‘टीम 11’ बनाकर राहत कार्यों की जिम्मेदारी संभाली है। इसी सिलसिले में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद क्षेत्र में ‘दुःख बांटने’ के लिए पहुंचे। लेकिन यहां उनका दर्द बांटने का अंदाज खुद हंसी का पात्र बन गया।
मंत्री जी ने बाढ़ पीड़ितों के बीच कह दिया— 'गंगा मैया गंगा पुत्रों के पैर धुलने आती हैं… आदमी सीधा स्वर्ग जाता है।' अब बेचारे बाढ़ में डूबे लोग समझ नहीं पाए कि ये बयान सांत्वना था, श्रद्धा थी या कोई मजाक! हैरानी की बात ये रही कि मंत्री जी को यह तक नहीं पता कि भोगनीपुर क्षेत्र में गंगा नहीं बल्कि यमुना नदी बहती है।
इतना ही नहीं, उनके साथ मौजूद भाजपा जिला अध्यक्ष रेणुका सचिन ने भी एक बुजुर्ग महिला से कह दिया— 'ये सौभाग्य की बात है कि यमुना मैया आपको दर्शन देने आती हैं।' इस पर बुजुर्ग महिला ने तपाक से जवाब दिया— 'तो तुम भी यहीं रहो और रोज दर्शन करो!'
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल में आग की तरह फैल गया है। लोग कह रहे हैं कि बाढ़ में डूबी जनता को प्रशासन से राहत की उम्मीद थी, लेकिन यहां तो ‘मोक्ष’ की बातें सुनने को मिल रही हैं। लोग राहत सामग्री की जगह ‘स्वर्ग के टिकट’ मिलने पर हैरान हैं। फिलहाल प्रशासन ने दावा किया है कि बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्य तेज़ी से चल रहे हैं।
edited by : Nrapendra Gupta