Hero MotoCorp वित्त वर्ष 2027 में 12 से ज्यादा नए प्रोडक्ट करेगी लॉन्च, बाजार में पकड़ मजबूत करने की तैयारी

Newspoint
देश की सबसे बड़ी टू-व्हीलर निर्माता कंपनियों में से एक हीरो मोटोकॉर्प के अनुसार, वह आने वाले समय में भारतीय बाजार में अपनी लीडरशिप और मजबूत करेगी. कंपनी वित्त वर्ष 2027 में डबल डिजिट ग्रोथ की उम्मीद कर रही है और इस दौरान 12 से ज्यादा नए प्रोडक्ट लॉन्च करने की तैयारी में भी है. कंपनी के सीईओ हर्षवर्धन चिटाले ने कहा है कि स्कूटर और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) कंपनी की ग्रोथ के बड़े आधार बनेंगे.
Hero Image

2030 तक आधे से ज्यादा स्कूटर होंगे इलेक्ट्रिक
हीरो मोटोकॉर्प का मानना है कि आने वाले सालों में इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग तेजी से बढ़ेगी. कंपनी का अनुमान है कि साल 2030 तक उसके कुल स्कूटर बिक्री में 50 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी इलेक्ट्रिक स्कूटर्स की होगी. कंपनी फिलहाल अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर ब्रांड Vida के विस्तार पर तेजी से काम कर रही है.


कंपनी के अनुसार, स्कूटर सेगमेंट उसकी ग्रोथ का प्रमुख हिस्सा बन चुका है. हीरो मोटोकॉर्प अपने Xoom स्कूटर की उत्पादन क्षमता दोगुनी कर रही है. वहीं Destiny स्कूटर की क्षमता में 50 प्रतिशत का विस्तार किया जा चुका है. इसके अलावा Vida इलेक्ट्रिक स्कूटर की उत्पादन क्षमता भी तेजी से बढ़ाई जा रही है. कंपनी का लक्ष्य इस साल के अंत तक इसकी क्षमता लगभग तीन गुना करने का है.

हीरो मोटोकॉर्प के वित्त वर्ष 2027 में 12 से ज्यादा लॉन्च
कंपनी के सीईओ ने कहा है कि हीरो मोटोकॉर्प हर साल 10 से 12 बड़े लॉन्च करती है और इस बार यह संख्या उससे भी ज्यादा हो सकती है. इसके अलावा कंपनी अपने मौजूदा मॉडलों के अपडेटेड वर्जन भी लगातार पेश करती रहती है. इस तरह सालभर में कुल 40 से 50 लॉन्च और अपडेट देखने को मिल सकते हैं. कंपनी का कहना है कि वह इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में टॉप-3 कंपनियों में शामिल होना चाहती है, और संभव हो तो नंबर-1 बनना चाहती है.

हीरो मोटोकॉर्प सेल्स
SIAM के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026 में हीरो मोटोकॉर्प ने करीब 54.9 लाख मोटरसाइकिल और 5.7 लाख स्कूटर बेचे हैं. वहीं प्रतिद्वंद्वी होंडा मोटरसाइकिल ने करीब 25.9 लाख मोटरसाइकिल और 31.6 लाख स्कूटर की बिक्री की है.