BMW i5 Long Wheelbase सेडान ईवी भारत में हुई लॉन्च, 79.60 लाख रुपये में मिलेगी लग्जरी कार, जानें बैटरी और फीचर्स

Newspoint
भारत के लग्जरी कार बाजार में एक नई सेडान कार की एंट्री हो गई है. यह नई कार BMW i5 Long Wheelbase (LWB) है, जो कि एक ईवी है. नई BMW i5 Long Wheelbase ईवी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 79.60 लाख रुपये रखी गई है. खास बात यह है कि इस नई सेडान कार का प्रोडक्शन भारत में किया जा रहा है. कार को चेन्नई स्थित BMW Group के प्लांट में तैयार किया जा रहा है.



नई i5 LWB को i5 eDrive35L M Sport वेरिएंट में पेश किया गया है. नई सेडान कार की बुकिंग भी BMW डीलरशिप और कंपनी की वेबसाइट के जरिए शुरू हो चुकी है. साथ ही इस नई सेडान ईवी की डिलीवरी भी शुरू कर दी गई है.
Hero Image


BMW i5 Long Wheelbase ईवी बैटरी और रेंज नई BMW i5 Long Wheelbase में 81.6 kWh का बैटरी पैक दिया गया है. कंपनी के अनुसार, यह कार एक बार फुल चार्ज होने पर 669 किमी तक की रेंज दे सकती है. यह रेंज MIDC टेस्ट साइकिल के आधार पर है. इस इलेक्ट्रिक सेडान में रियर-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 268 hp की पावर और 410 Nm का टॉर्क पैदा करती है. कार रियर-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ आती है और यह महज 6.7 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 195 किमी प्रति घंटा है.



लंबी रेंज के साथ BMW ने चार्जिंग को भी तेज रखने की कोशिश की है. i5 LWB में 160 kW तक DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है. कंपनी का दावा है कि फास्ट चार्जर की मदद से बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक सिर्फ 33 मिनट में चार्ज किया जा सकता है. इसके अलावा कार में 11 kW AC चार्जिंग का विकल्प भी है. कंपनी ग्राहकों को BMW वॉल्बॉक्स चार्जर और इसकी इंस्टॉलेशन सुविधा भी दे रही है.


BMW i5 Long Wheelbase फीचर्स BMW i5 Long Wheelbase के फीचर्स की बात करें तो इसमें कई लग्जरी और खास फीचर्स दिए गए हैं. इसमें Copper Brown और Atlas Grey रंग की vegan upholstery दी गई है. कार के डैशबोर्ड पर 12.3-इंच इंफॉर्मेशन डिस्प्ले और 14.9-इंच टचस्क्रीन मिलती है, जो मिलकर BMW Curved Display बनाते हैं. इसके अलावा कार में पैनोरमिक ग्लास रूफ, एंबिएंट लाइटिंग, फोर-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, फ्रंट सीट वेंटिलेशन और क्रिस्टल-स्टाइल कंट्रोल्स दिए गए हैं. म्यूजिक के लिए 17-स्पीकर वाला Bowers & Wilkins साउंड सिस्टम मिलता है.



BMW ने i5 LWB में पीछे बैठने वाले यात्रियों के आराम पर खास ध्यान दिया है. रियर सीटों पर अतिरिक्त कुशनिंग और सॉफ्ट हेडरेस्ट कुशन दिए गए हैं. सीटों का टॉर्सो एंगल 31 डिग्री है, जिससे लंबी यात्रा के दौरान आराम बढ़ाने की कोशिश की गई है. कार में अडेप्टिव रियर-एक्सल एयर सस्पेंशन भी स्टैंडर्ड दिया गया है. इसका मकसद खराब या ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी बेहतर राइड क्वालिटी देना है.



सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो BMW i5 Long Wheelbase में 8 एयरबैग दिए गए हैं. इसके अलावा एक्टिव क्रूज कंट्रोल के साथ स्टॉप-एंड-गो फंक्शन, लेन-चेंज वार्निंग और कोलिजन वार्निंग जैसे फीचर्स मिलते हैं. कार में Parking Assistant Professional भी दिया गया है, जिसकी मदद से रिमोट पार्किंग जैसी सुविधा मिलती है.