Jeep Wrangler Willys 1941 Edition: जीप ने भारत में लॉन्च किया विलीज स्पेशल एडिशन, अब इतनी कम हुई कीमत

जीप इंडिया ने भारतीय बाजार में अपने 'रैंगलर विलीज 1941 स्पेशल एडिशन' मॉडल को एक बार फिर से उतार दिया है। इसकी शुरुआती कीमत 68.31 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। खास बात यह है कि ब्रांड की सैन्य जड़ों को सम्मान देने वाला यह लिमिटेड एडिशन मॉडल जब पहली बार मई 2025 में लॉन्च हुआ था, तब इसकी कीमत 73.24 लाख रुपये थी। उस समय केवल 30 यूनिट्स ही बिक्री के लिए उपलब्ध थीं। लेकिन इस बार यह कार न केवल सस्ती हुई है, बल्कि इसकी 41 यूनिट्स बाजार में उतारी गई हैं। इसके बावजूद यह भारत की सबसे दुर्लभ रैंगलर कारों में से एक बनी हुई है।
Hero Image


डिजाइन और लुक: मिलिट्री विरासत की झलक

यह स्पेशल एडिशन रैंगलर के टॉप-टियर रूबिकॉन वेरिएंट पर आधारित है। इसे एक खास "41 ग्रीन" रंग में पेश किया गया है, जो काफी हद तक मूल विलीज जीप के मिलिट्री ग्रीन रंग जैसा दिखता है। कार के हुड पर '1941' का डिकल दिया गया है, जो उस वर्ष की याद दिलाता है जब मिलिट्री मॉडल विलीज एमबी का बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू हुआ था। इस खास रंग के अलावा यह कार फायरक्रैकर रेड, ब्लैक, ब्राइट व्हाइट, एनविल क्लियर कोट और बिलेट जैसे स्टैंडर्ड रंगों में भी उपलब्ध है।

फीचर्स और एक्सेसरीज

रैंगलर विलीज '41 स्पेशल एडिशन में कई व्यावहारिक फीचर्स जोड़े गए हैं। इसमें पावर्ड साइड स्टेप, नए इंटीरियर ग्रैब हैंडल्स, हर मौसम के अनुकूल फ्लोर मैट्स और आगे व पीछे की तरफ डैश कैम दिए गए हैं, जो ऑफ-रोड एडवेंचर के दौरान काफी काम आते हैं। इसके अलावा ग्राहक 3.6 लाख रुपये अतिरिक्त देकर एक एक्सेसरी पैकेज भी चुन सकते हैं। इस पैकेज में सनईडर रूफ और छत पर सामान रखने के लिए साइड लैडर के साथ रूफ कैरियर मिलता है, जो कार को और भी ज्यादा साहसी लुक देता है।


दमदार इंजन और परफॉर्मेंस

मैकेनिकली इस स्पेशल एडिशन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें वही भरोसेमंद 2.0 लीटर का चार-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है जो 270 hp की पावर और 400 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इस इंजन को 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और पावरफुल 4x4 सिस्टम के साथ जोड़ा गया है।