RBI रिपोर्ट: 2025-26 में नकली नोटों की पहचान 5.7% बढ़ी, ₹500 के फर्जी नोटों में 20% से अधिक उछाल

Newspoint
Newspoint

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बैंकिंग प्रणाली में पकड़े गए नकली नोटों की संख्या में 5.7% की वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष के दौरान कुल 2,29,746 फर्जी नोटों की पहचान हुई, जबकि 2024-25 में यह संख्या 2,17,396 थी।

रिपोर्ट के मुताबिक, ₹500 के नकली नोट सबसे अधिक संख्या में पकड़े गए और इसी मूल्यवर्ग में सबसे बड़ी वृद्धि भी दर्ज हुई।

Hero Image
2025-26 में बैंकों ने 1,41,907 फर्जी ₹500 नोटों की पहचान की, जो पिछले वर्ष के 1,17,722 नोटों की तुलना में 20.5% अधिक है।

₹20 के नकली नोटों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। इनकी पहचान 253 से बढ़कर 373 हो गई, जो 47.4% की वृद्धि दर्शाती है। हालांकि कुल संख्या के लिहाज से यह आंकड़ा अभी भी काफी सीमित है।

दूसरी ओर, ₹200, ₹100 और ₹50 मूल्यवर्ग के नकली नोटों में कमी दर्ज की गई। ₹200 के फर्जी नोटों की संख्या 32,660 से घटकर 30,591, ₹100 के नोट 51,069 से घटकर 45,621 और ₹50 के नोट 12,015 से घटकर 10,274 रह गए।

प्रचलन से वापस लिए जा चुके ₹2000 के नोटों के नकली संस्करणों में भी तेज गिरावट देखने को मिली। वर्ष 2025-26 में केवल 824 नकली ₹2000 नोट पकड़े गए, जबकि एक वर्ष पहले यह संख्या 3,508 थी।

RBI के अनुसार, कुल बरामद नकली नोटों में से 97.6% यानी 2,24,334 नोट अन्य बैंकों द्वारा पहचाने गए, जबकि 5,412 नोट स्वयं RBI ने पकड़े। केंद्रीय बैंक ने स्पष्ट किया है कि इन आंकड़ों में पुलिस या अन्य जांच एजेंसियों द्वारा जब्त की गई नकली मुद्रा शामिल नहीं है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 2025-26 में खराब (Soiled) बैंक नोटों के निस्तारण में लगभग 28.6% की गिरावट दर्ज की गई।

यह संख्या 2.38 लाख से घटकर 1.72 लाख रह गई।