LPG सब्सिडी पर सरकार का बड़ा एक्शन: अब इन्हें नहीं मिलेगा सब्सिडी का लाभ, क्या आप भी हैं इस लिस्ट में?

Newspoint
अब तक जो लोग अपनी मोटी कमाई के बावजूद रसोई गैस पर सब्सिडी का आनंद ले रहे थे, उनके लिए खतरे की घंटी बज चुकी है। केंद्र सरकार ने LPG सब्सिडी को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया है। सरकार का साफ मानना है कि सब्सिडी का पैसा सिफ उन्हीं के खातों में जाना चाहिए, जो इसके असली हकदार हैं। आपको बता दें कि अब ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने उन लोगों को सीधे SMS भेजना शुरू कर दिया है, जिनका सालाना टैक्सेबल इनकम रिकॉर्ड ₹10 लाख की सीमा को पार कर रहा है।
Hero Image

PAN और डेटा मैचिंग से खुली पोल
सरकार अब सब्सिडी के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए हाई-टेक तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उपभोक्ताओं के PAN कार्ड, इनकम टैक्स रिटर्न और गैस कनेक्शन डेटाबेस का बारीकी से मिलान किया जा रहा है। इस डिजिटल वेरिफिकेशन के जरिए उन परिवारों की पहचान की जा रही है जो नियमों के दायरे से बाहर होने के बाद भी सब्सिडी का लाभ उठा रहे हैं। खास बात ये है कि अब सिर्फ कनेक्शन धारक ही नहीं, बल्कि परिवार के अन्य सदस्यों की आय पर भी नजर रखी जा सकती है।

7 दिन का अल्टीमेटम और SMS का खौफ
सोशल मीडिया पर हाल ही में इंडियन ऑयल ( IOCL ) के कुछ मैसेज वायरल हुए हैं, जिनमें उपभोक्ताओं को चेतावनी दी गई है कि अगर उनकी या उनके परिवार की आय ₹10 लाख से ज्यादा है, तो वे 7 दिनों के भीतर अपनी जानकारी अपडेट करें। अगर निर्धारित समय में आय से जुड़ी डिटेल्स या जवाब नहीं दिया गया, तो उनकी सब्सिडी तत्काल प्रभाव से रोकी जा सकती है। ये कदम पहल योजना के नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए उठाया गया है।

नोटिस मिले तो क्या करें उपभोक्ता?
अगर आपके पास भी ऐसा कोई आधिकारिक संदेश आया है, तो इसे नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। जानकारों का कहना है कि नोटिस मिलने पर उपभोक्ताओं को तुरंत अपने KYC दस्तावेजों और आय के विवरण की जांच करनी चाहिए। आप अपने रजिस्टर्ड गैस डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर या कंपनी के आधिकारिक पोर्टल पर अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं। हालांकि सब्सिडी बंद होने के बाद भी आप बाजार की कीमत पर सिलेंडर खरीदना जारी रख सकेंगे, लेकिन सरकारी मदद का लाभ मिलना बंद हो जाएगा।