10 अक्टूबर को दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनें रद्द, 57 मेट्रो स्टेशनों पर भी लग सकती हैं पाबंदियां; घर से निकलने से पहले जानें पूरी डिटेल

Newspoint
अगर आप 10 अक्टूबर यानी कल दिल्ली जाने के लिए ट्रेन पकड़ने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। भारतीय रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास सड़क पर भारी जाम लगने की आशंका के चलते कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। यह फैसला उन ट्रेनों पर लागू होगा, जो 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होंगी और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच इन दोनों स्टेशनों पर पहुंचने वाली हैं।
Hero Image

रेलवे ने आज (9 अक्टूबर) जारी आदेश में कहा कि 10 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास सड़क यातायात में भारी जाम लगने की आशंका है। इसे देखते हुए 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली उन सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को शुरुआती स्टेशन से ही रद्द कर दिया जाएगा, जिन्हें 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचना है।

किन वजहों से लिया गया यह फैसला?दिल्ली पुलिस ने यह एडवाइजरी जंतर-मंतर और अन्य स्थानों पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए जारी की है। पुलिस को आशंका है कि प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुट सकते हैं और भीड़ संवेदनशील इलाकों की ओर बढ़ सकती है। इसी संभावना को देखते हुए मेट्रो स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए ये कदम उठाने को कहा गया है।

दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन हो सकते हैं बंददिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए मेट्रो यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) से 57 मेट्रो स्टेशनों पर ट्रेन की फ्रीक्वेंसी कम करने और एंट्री व एग्जिट बंद करने को कहा है। ये पाबंदियां 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से लागू करने और 10 अक्टूबर को स्थिति सामान्य होने तक जारी रखने की सलाह दी गई है। पुलिस की एडवाइजरी में दिल्ली के कई प्रमुख मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इनमें राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, नई दिल्ली, कश्मीरी गेट, मंडी हाउस, आईटीओ, पटेल चौक और सुप्रीम कोर्ट स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा, अलग-अलग मेट्रो लाइनों के स्टेशनों पर भी पाबंदियां लगाने की सलाह दी गई है। इनमें हौज खास, लाजपत नगर, जामिया मिल्लिया इस्लामिया और सराय काले खां-निजामुद्दीन स्टेशन भी शामिल हैं।

कब तक लागू रहेंगी पाबंदियां?दिल्ली पुलिस के 8 अक्टूबर को जारी लेटर के मुताबिक, मेट्रो स्टेशनों पर ये प्रतिबंध तब तक जारी रखने की सलाह दी गई है, जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती। इसके तहत संबंधित स्टेशनों पर ट्रेनों की आवाजाही की फ्रीक्वेंसी कम की जा सकती है और यात्रियों के एंट्री व एग्जिट बंद किए जा सकते हैं।

जंतर-मंतर पर क्यों हो रहा है प्रदर्शन?CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर युवाओं के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। यह प्रदर्शन कथित 'वोट चोरी' के मुद्दे को लेकर आयोजित किया जा रहा है। इसी प्रस्तावित प्रदर्शन और भीड़ के संवेदनशील इलाकों की ओर जाने की आशंका को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने DMRC को एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है।