अगर आप भी 7 मई को यात्रा के लिए इस एयरपोर्ट पर जा रहे हैं, तो हो जाएं सावधान; 6 घंटे तक नहीं उड़ेगी एक भी फ्लाइट जानें वजह

Newspoint
अगर आप कल यानी 7 मई को मुंबई से कहीं उड़ान भरने वाले हैं या वहां पहुंचने की योजना बना रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। आपको बता दें कि मुंबई का छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) कल 6 घंटे के लिए विमानों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। प्रशासन ने ये फैसला मानसून से पहले रनवे के रखरखाव और सुरक्षा जांच के लिए लिया है।

क्यों लिया गया एयरपोर्ट बंद करने का फैसला?
Hero Image
मुंबई एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार ये प्री-मानसून मेंटेनेंस का हिस्सा है। मानसून के दौरान मुंबई में भारी बारिश होती है, जिससे रनवे की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए कल सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दोनों रनवे प्राइमरी (09/27) और सेकेंडरी (14/32) को बंद रखा जाएगा। इस दौरान रनवे की सतह की मरम्मत, जल निकासी की सफाई और तकनीकी सुधार किए जाएंगे जिससे की बारिश के समय विमानों की लैंडिंग और टेक-ऑफ में कोई बाधा न आए।

यात्रियों और फ्लाइट्स पर क्या होगा असर?
CSMIA दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है, जहां से रोजाना औसतन 1,000 से भी ज्यादा विमानों का परिचालन होता है। बता दें कि 6 घंटे के इस शटडाउन के वजह से सैकड़ों उड़ानें सीधे तौर पर प्रभावित होंगी। कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द कर दिया गया है, जबकि कुछ के समय में बदलाव किया गया है। एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले एयरलाइन ऐप या आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक कर लें जिससे उन्हें असुविधा ना हो।

एयरलाइंस को निर्देश
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने साफ किया है कि शाम 5 बजे तक ना तो कोई विमान लैंड करेगा और ना ही उड़ान भरेगा। साथ ही कार्गो मूवमेंट को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं ताकि सामान की आवाजाही में कोई समस्या ना आए। एयरलाइंस को इस शटडाउन की सूचना बहुत पहले दे दी गई थी, जिससे उन्होंने अपने शेड्यूल को एडजस्ट कर लिया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी भ्रम की स्थिति में सीधे एयरलाइन के कस्टमर केयर से संपर्क करें।