8वें वेतन आयोग से पहले समझ लें बेसिक पे, ग्रेड पे और पे लेवल में अंतर, सैलरी में होती है अहम भूमिका

Newspoint
सरकारी कर्मचारियों की सैलरी में जब भी बढ़ोतरी की बात आती है तो इसके पीछे बेसिक पे, ग्रेड पे, पे लेवल जैसे कई शब्द आते हैं. वहीं अब जब 8वें वेतन आयोग को लेकर चर्चा तेज है, तो केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशन पाने वालों के लिए जरूरी है कि उन्हें बेसिक पे, ग्रेड पे, पे लेवल का मतलब पता हों. आज हम आपको इन्हीं सभी के बारे में बताने वाले हैं.


8वें वेतन आयोग की मुंबई में बैठक 8वें वेतन आयोग की बैठक 22 और 23 अक्टूबर 2026 को मुंबई में होने वाली है. इससे पहले भी आयोग अलग-अलग जगहों पर कर्मचारियों और उनके संगठनों की मांगों पर चर्चा कर चुका है. कर्मचारी संगठन वेतन बढ़ाने के लिए बेहतर फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं. नेशनल काउंसिल (जेसीएम) के कर्मचारी पक्ष ने न्यूनतम बेसिक पे 69,000 रुपये करने का प्रस्ताव रखा है. हालांकि, यह मांग है, सरकार की ओर से घोषित नई सैलरी नहीं.
Hero Image


बेसिक पे क्या होता है?बेसिक पे यानी मूल वेतन किसी सरकारी कर्मचारी की सैलरी का मुख्य हिस्सा होता है. इसमें महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और दूसरे भत्ते शामिल नहीं होते हैं. इन भत्तों की गणना में बेसिक पे की अहम भूमिका होती है. अगर किसी कर्मचारी की बेसिक पे 30,000 रुपये है, तो उसका कुल मासिक वेतन भत्तों को जोड़ने के बाद इससे ज्यादा हो सकता है.


ग्रेड पे क्या होता है ?ग्रेड पे की व्यवस्था छठे वेतन आयोग में शुरू की गई थी. इसका इस्तेमाल वेतनमान में कर्मचारी के पद और वरिष्ठता को दिखाने के लिए किया जाता था. उस समय ग्रेड पे, पे बैंड के साथ मिलकर वेतन तय करने में मदद करता था लेकिन सातवें वेतन आयोग में ग्रेड पे की पुरानी व्यवस्था खत्म कर दी गई थी. इसकी जगह पे मैट्रिक्स लागू किया गया. ऐसे में आज के वेतन स्ट्रक्चर में ग्रेड पे की भूमिका को समझने के लिए छठे और सातवें वेतन आयोग के बीच का अंतर जानना जरूरी है.


पे लेवल क्या होता है ?सातवें वेतन आयोग ने कर्मचारियों के वेतन के लिए 18 स्तरों वाली पे मैट्रिक्स बनाई है. इसी व्यवस्था में पे लेवल तय करता है कि कर्मचारी वेतन स्ट्रक्चर के किस स्तर पर है. उदाहरण के लिए अगर लेवल-1 में शुरुआती बेसिक पे 18,000 रुपये और लेवल-7 में 44,900 रुपये है. कर्मचारी के लेवल और उसमें उसकी स्थिति के आधार पर मूल वेतन और सालाना बढ़ोतरी तय होती है.


8वें वेतन आयोग में क्या बदल सकता है?आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों में बेसिक पे, वेतन स्तर, भत्तों और फिटमेंट फैक्टर में बदलाव हो सकता है. आयोग को अपनी रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है. बता दें कि रिपोर्ट आने के बाद भी नई सैलरी लागू होने के लिए सरकार की मंजूरी जरूरी होगी.