दिल्ली में यमुना रिवर क्रूज शुरू, 5 किलोमीटर का होगा सफर, जानें टिकट प्राइस, रूट और अन्य जानकारी

Newspoint
देश की राजधानी दिल्ली में अब लोग रिवर क्रूज का मजा ले सकते है. इसके लिए अब लोगों को दिल्ली से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. राजधानी में अब दिल्ली सरकार ने पहली बार यमुना पर रिवर क्रूज सेवा शुरू की है. खास बात यह है कि इसके लिए टिकट की कीमत केवल 500 रुपये रखी गई है और एक बार की यात्रा करीब 40 मिनट की होगी. ऐसे में अगर आप दिल्ली में यमुना रिवर क्रूज का मजा लेना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं डिटेल्स.


दिल्ली यमुना रिवर क्रूज सेवा रूट दिल्ली में इस नई सेवा का नाम नमो यमुना रिवर सफारी रखा गया है. केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोनिया विहार में इसका उद्घाटन किया है. इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहे. यह क्रूज सोनिया विहार से जगतपुर के बीच चलेगा. इस दौरान यात्रियों को यमुना नदी में करीब 5 किलोमीटर का सफर करने का मौका मिलेगा. ऐसे में यह दिल्ली में नदी के रास्ते घूमने और कुछ समय सुकून से बिताने का नया विकल्प बन सकता है.


दिल्ली यमुना रिवर क्रूज के टिकट की कीमतदिल्ली यमुना रिवर क्रूज के एक व्यक्ति के टिकट की कीमत 500 रुपये रखी गई है, जिसमें 40 मिनट तक नदी की यात्रा होगी. एक बार में अधिकतम 30 यात्री इस क्रूज में सफर कर सकेंगे. इस तरह परिवार या दोस्तों के साथ दिल्ली में कुछ अलग अनुभव लेने की चाह रखने वाले लोगों के लिए यह एक नया विकल्प हो सकता है. हालांकि, यात्रा की बुकिंग और संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए संबंधित विभाग की आधिकारिक सूचना देखना जरूरी होगा.


इलेक्ट्रिक नाव में होगा सफरनमो यमुना रिवर सफारी की जिम्मेदारी भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) संभाल रहा है. यह सेवा केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय की पहल के तहत शुरू की गई है. इस क्रूज में इलेक्ट्रिक नावों का इस्तेमाल किया जाएगा. इसका उद्देश्य नदी के रास्ते पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देना है. यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ जैकेट और सार्वजनिक सूचना देने वाले सिस्टम की व्यवस्था भी की गई है. बता दें कि उद्घाटन से पहले अक्टूबर में इस सेवा का परीक्षण भी किया गया था.



बता दें कि यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत नेशनल वाटरवे-110 का दर्जा दिया गया है. यह जलमार्ग करीब 1,080 किलोमीटर लंबा है और दिल्ली के जगतपुर से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तक फैला है. फिलहाल शुरू हुई क्रूज सेवा इसी जलमार्ग के दिल्ली वाले एक छोटे हिस्से पर संचालित होगी. इसका मकसद यमुना को केवल नदी तक सीमित न रखते हुए पर्यटन और मनोरंजन के नए केंद्र के रूप में विकसित करना है.