फेस्टिव सीजन के बीच इंडिगो ने बढ़ाया फ्यूल चार्ज, 1,300 रुपये तक बढ़ जाएगा किराया, जानिए पूरी डिटेल

Newspoint
नई दिल्ली: फेस्टिव सीजन के बीच देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज बढ़ा दिया है। ये नए चार्ज 6 अक्टूबर को रात 12:01 बजे से की गई सभी नई बुकिंग पर लागू होंगे। एयरलाइन ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच यह फैसला किया है। ICRA के अनुसार, एयरलाइन के ऑपरेटिंग खर्च में फ्यूल की हिस्सेदारी 30-40% होती है। हाल में कच्चे तेल की कीमत में बढ़ोतरी से एटीएफ का रेट काफी बढ़ा है।
Hero Image

इंडिगो के घरेलू उड़ानों के लिए नए स्ट्रक्चर के तहत फ्यूल चार्ज 500 किमी तक की उड़ानों के लिए ₹375 होगा। इसी तरह 2,000 किमी से ज्यादा की उड़ानों के लिए ₹1,300 तक होगा। इसी तरह 501 किमी से 1,000 किमी तक 600 रुपये, 1,001 किमी से 1,500 किमी तक 900 रुपये और 1,501 किमी से 2,000 किमी की उड़ानों के लिए ₹1,150 होगा।

पहले कितना था चार्जपहले इन पांच दूरी वाले स्लैब के लिए फ्यूल चार्ज क्रमशः ₹275, ₹400, ₹600, ₹800 और ₹950 था। इसलिए, इस नए बदलाव से घरेलू उड़ानों में प्रति सेक्टर फ्यूल चार्ज ₹100 से ₹350 तक बढ़ गया है। एयरलाइन ने कहा कि हाल के महीनों में ATF की कीमतों में तेजी आई है। घरेलू ATF की कीमतें 1 अक्टूबर से ₹16 प्रति लीटर बढ़कर ₹121 से लगभग ₹137 प्रति लीटर हो गईं। इससे पहले सितंबर में इसमें ₹6.28 प्रति लीटर और अगस्त में ₹5 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में SAARC देशों की उड़ानों पर 500 किमी तक की यात्रा के लिए फ्यूल चार्ज ₹1,000 और 500 किमी से ज्यादा की यात्रा के लिए ₹3,000 होगा। साउथ-ईस्ट एशिया, खाड़ी देशों, मिडिल ईस्ट और नॉर्थ तथा ईस्ट एशिया की उड़ानों के लिए चार्ज ₹5,500 होगा, जबकि अफ्रीका के लिए चार्ज ₹6,000 होगा। यूरोप के लिए फ्यूल चार्ज ₹10,000 ही रहेगा। अप्रैल में इंटरनेशनल उड़ानों के लिए चार्ज 900 रुपये से 10,000 रुपये के बीच थे।