Agri Production: देश ने बनाए नए रिकॉर्ड, साल 2025-26 के खरीफ मौसम में चावल-गेहूं का रिकॉर्ड उत्पादन

Newspoint
नई दिल्ली: खाद्यान्न उत्पादन में इस साल भारत ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को फसल वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमान जारी कर दिए। इसके मुताबिक इस साल देश भर में रिकॉर्ड 3785.38 लाख टन खाद्यान्न का उत्पादन हुआ है। पिछले साल के मुकाबले इस साल देखें तो खाद्यान्न उत्पादन में इस वर्ष 208.06 लाख टन की रिकॉर्ड वृद्धि हुई है।


चावल का रिकार्ड उत्पादन
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में इससे जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने आज देश में फसल उत्पादन के वर्ष 2025-26 के final estimates और वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान या first estimates जारी किया। इस दौरान बताया कि बीते खरीफ मौसम के दौरान देश में चावल का कुल उत्पादन 1551.54 लाख टन रहा। यह अब तक का रिकॉर्ड है। इस दौरान चावल उत्पादन में 49.70 लाख टन की बढ़ोतरी हुई है।


गेहूं का भी रिकॉर्ड उत्पादन
इस साल देश भर में गेहूं का भी रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि खरीफ मौसम के दौरान रिकॉर्ड 1220.64 लाख टन गेहूं का उत्पादन हुआ है। इस साल गेहूं के पैदावार में 41.19 लाख टन की बढ़ोतरी हुई है।


अल नीनो की चुनौती से भी उबरेंगेचौहान ने बताया कि जहां 2025-26 में देश ने 3785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का सर्वकालिक रिकॉर्ड बनाया है, वहीं अल नीनो और मानसून की देरी जैसी गंभीर मौसमी चुनौतियों के बावजूद खरीफ 2026-27 में 1671.43 लाख मीट्रिक टन खाद्यान्न पैदावार का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है।

​

बढ़ता निर्यात
उन्होंने कहा कि आज भारत न केवल अपनी घरेलू खाद्य जरूरतों को पूरा कर रहा है, बल्कि दुनिया के अन्न भंडार में भी बड़ा योगदान दे रहा है। वैश्विक कृषि रैंकिंग में भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज (मिलेट्स) और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है, जबकि गेहूं, कपास, मूंगफली व फल-सब्जियों में चीन के बाद तथा गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर है। श्री चौहान ने उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे पास चावल और गेहूं के पर्याप्त भंडार हैं। आज दुनिया में भारतीय चावल धूम मचा रहा है और इसके निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट सहित दुनिया के कोने-कोने में भारतीय बासमती की सुगंध फैल रही है।


​फसल विविधीकरण पर जोर
चौहान ने स्पष्ट किया कि चावल और गेहूं में सरप्लस स्थिति हासिल करने के बाद अब सरकार का पूरा ध्यान फसल विविधीकरण (Crop Diversification) तथा दलहन और तिलहन में देश को आत्मनिर्भर बनाने पर है। उन्होंने कहा कि देश में दालों और खाद्य तेलों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी आवश्यकता को पूरा करने के लिए 'दलहन मिशन' और 'तिलहन मिशन' के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम अंतिम आंकड़ों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।


​मक्का, श्री अन्न और दलहनमक्का उत्पादन का आंकड़ा देखें तो साल 2024-25 के 434.09 लाख टन से उछलकर इस साल यह 550.25 लाख टन हो गया। पोषक/मोटे अनाज का कुल उत्पादन 740.80 लाख टन रहा, जिसमें 'श्री अन्न' 172.09 लाख टन है। कुल दलहन उत्पादन 2024-25 के 256.83 लाख टन से 15.57 लाख टन बढ़कर 272.40 लाख टन रहा, जिसमें मूंग ने 43.96 लाख टन का नया रिकॉर्ड बनाया, जबकि चना 125.13 लाख टन और तुअर (अरहर) 35.99 लाख टन दर्ज किया गया।


​तिलहन और नकदी फसलें
तिलहन उत्पादन भी पिछले वर्ष के 429.89 लाख टन से 2.66 लाख टन बढ़कर रिकॉर्ड 432.55 लाख टन दर्ज किया गया। इसमें मूंगफली 131.71 लाख टन (पिछले वर्ष 119.42 लाख टन से 12.29 लाख टन अधिक) और रेपसीड व सरसों 137.66 लाख टन (पिछले वर्ष 126.67 लाख टन से 10.99 लाख टन अधिक) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे, जबकि सोयाबीन उत्पादन 126.36 लाख टन रहा। नकदी फसलों में गन्ना 5037.29 लाख टन, कपास 280.06 लाख गांठें (प्रत्येक 170 किलोग्राम) तथा जूट एवं मेस्ता 94.28 लाख गांठें (प्रत्येक 180 किलोग्राम) रहा।


​खरीफ 2026-27 के प्रथम अग्रिम अनुमान
वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी करते हुए चौहान ने बताया कि इस बार अल नीनो की वापसी, जून में मानसून की देरी (35% से 40% कम बारिश) और महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना व आंध्र प्रदेश जैसे प्रमुख कृषि क्षेत्रों में मिट्टी की नमी कम होने व सूखे की स्थिति से धान, मक्का, तुअर, सोयाबीन और कपास जैसी फसलों की बुवाई प्रभावित हुई। इसके बावजूद हमारे किसानों के अदम्य साहस, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिकों द्वारा विकसित जलवायु-अनुकूल (Climate-resilient) किस्मों की बदौलत कुल खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख मीट्रिक टन (LMT) रहने का अनुमान है, जो पिछले पांच वर्षों के औसत खरीफ उत्पादन से 97.67 लाख टन अधिक है।


​प्रमुख खरीफ फसलों के अनुमान
इस साल खरीफ चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन तथा पोषक/मोटे अनाज का कुल उत्पादन 381.05 लाख टन (मक्का 260.64 लाख टन, बाजरा 89.43 लाख टन, ज्वार 14.79 लाख टन, रागी 12.48 लाख टन और छोटे मिलेट्स 3.71 लाख टन) रहने का अनुमान है।


​खरीफ दलहन व तिलहन
कुल खरीफ दलहन उत्पादन 71.32 लाख टन (तुअर 31.22 लाख टन, मूंग 16.59 लाख टन, उड़द 14.49 लाख टन और अन्य दालें 9.02 लाख टन) अनुमानित है। वहीं कुल खरीफ तिलहन उत्पादन 239.47 लाख टन (मूंगफली 111.68 लाख टन, सोयाबीन 102.44 लाख टन, अरंडी 18.97 लाख टन, तिल 4.91 लाख टन, सूरजमुखी 1.17 लाख टन और रामतिल 0.30 लाख टन) रहने की उम्मीद है।


​खरीफ नकदी फसलें
प्रथम अग्रिम अनुमान में खरीफ सीजन के दौरान गन्ना 4543.39 लाख टन, कपास 248.66 लाख गांठें (प्रत्येक 170 किलोग्राम) तथा जूट एवं मेस्ता 97.06 लाख गांठें (प्रत्येक 180 किलोग्राम) अनुमानित है।