दक्षिण कोरिया की ब्यूटी इंडस्ट्री अब सिर्फ K-Pop, कोरियन ड्रामा और सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रह गई है। वहां के स्किनकेयर और कॉस्मेटिक्स ब्रांड दुनिया के बड़े बाजारों में तेजी से अपनी जगह बना रहे हैं। अमेरिका और यूरोप में कोरियन ब्यूटी प्रोडक्ट्स की बिक्री बढ़ रही है। भारत के बाजार में भी तेजी आ रही है। इसमें ग्लास स्किन लुक वाले प्रोडक्ट का युवाओं में जबरदस्त क्रेज है। अमेजन की बेस्टसेलर लिस्ट से लेकर Sephora और Target जैसे बड़े रिटेल स्टोर तक, कोरियन ब्रांड छाए हुए हैं। दक्षिण कोरिया का ब्यूटी प्रोडक्ट एक्सपोर्ट 1 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। इस साल इसमें और तेजी आएगी।

दक्षिण कोरिया की ब्यूटी इंडस्ट्री कितनी तेजी से बढ़ रही है। साल 2025 में देश ने रिकॉर्ड 11.43 अरब डॉलर यानी करीब 1 लाख करोड़ रुपये के कॉस्मेटिक्स का निर्यात किया। यह पिछले साल के मुकाबले 12.3% ज्यादा था। अमेरिका पहली बार चीन को पीछे छोड़ते हुए कोरियन कॉस्मेटिक्स का सबसे बड़ा बाजार बन गया। कोरिया के कॉस्मेटिक्स अब 202 देशों में पहुंच रहे हैं, जबकि 2024 में यह संख्या 172 थी। 2026 में भी इस कारोबार की तेजी जारी है। जुलाई में NielsenIQ की रिपोर्ट के मुताबिक ग्लोबल बाजार में K-Beauty की बिक्री एक साल में 53% बढ़ी। दो साल में इसमें 131% की वृद्धि हुई।

कोरियन ब्यूटी इंडस्ट्री की सफलता के पीछे एक मजबूत मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम है। यहां Original Development Manufacturer (ODM) कंपनियां दूसरे ब्रांडों के लिए प्रोडक्ट बनाने के साथ-साथ उनकी रिसर्च, फॉर्मूलेशन और डिजाइन में भी मदद करती हैं। इस मॉडल में किसी नए ब्यूटी ब्रांड को अपनी फैक्ट्री, लैब और रिसर्च टीम बनाने की जरूरत नहीं होती। इससे नए कारोबार के लिए शुरुआती निवेश कम हो जाता है। इस मॉडल का फायदा यह है कि छोटे ब्रांड मार्केटिंग, ब्रांडिंग और बिक्री पर ध्यान दे सकते हैं, जबकि प्रोडक्ट बनाने की जिम्मेदारी विशेषज्ञ मैन्युफैक्चरर्स संभालते हैं। Cosmax और Kolmar Korea दोनों ने 2025 में ओडीएम कारोबार से 1 ट्रिलियन वॉन (करीब 7 हजार करोड़ रुपये) से ज्यादा की बिक्री की।

के-ब्यूटी की लोकप्रियता की एक वजह लगातार नए प्रोडक्ट और फॉर्मूले पेश करना भी है। कोरियन कंपनियों ने शीट मास्क, क्लींजिंग बाम, कुशन फाउंडेशन, सन स्टिक, एसेंस और एक्ने पैच जैसे प्रोडक्ट को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई है।अब स्नेल म्यूकिन, सेंटेला एशियाटिका और पीडीआरएन जैसे इंग्रीडिएंट्स भी काफी चर्चा में हैं। कोरियन ब्यूटी ब्रांडों ने मार्केटिंग के लिए सोशल मीडिया का बखूबी इस्तेमाल किया है। वे टिकटॉक, इंस्टाग्राम और ब्यूटी इन्फ्लुएंसर्स के जरिए सीधे ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं।

K-Beauty ब्रांडों की एक बड़ी ताकत उनकी कीमत भी है। ये कंपनियां आकर्षक पैकेजिंग और नए इंग्रीडिएंट्स वाले प्रोडक्ट अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध कराती हैं। इससे ग्राहकों को महंगे प्रीमियम स्किनकेयर प्रोडक्ट्स के विकल्प मिलते हैं। खासतौर पर युवा ग्राहक कम कीमत में नए प्रोडक्ट ट्राई कर सकते हैं। कोरियन ब्रांड मास मार्केट और लग्जरी ब्यूटी के बीच अपनी जगह बना रहे हैं। किफायती कीमतों के कारण ग्राहक इन प्रोडक्ट्स को रोजाना इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे कंपनियों को बार-बार होने वाली खरीदारी यानी रिपीट सेल्स का फायदा मिलता है।
के-ब्यूटी का बाजार भारत में भी तेजी से बढ़ रहा है। साल 2024 में भारत में के-ब्यूटी का बाजार करीब 3700 करोड़ रुपये का था। साल 2030 में इसके बढ़कर करीब 14 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। यानी इसमें सालाना करीब 25 फीसदी की तेजी आ सकती है। भारत में दक्षिण कोरिया के 60 से ज्यादा ब्यूटी ब्रांड मौजूद हैं। बिजनेस वर्ल्ड की एक रिपोर्ट के मुताबिक बिक्री में डीटूसी यानी डायरेक्ट टू कंज्यूमर्स की हिस्सेदारी करीब आधी है।