Malviya Nagar Fire: दिल्ली के मालवीय नगर के होटल में आग से 21 लोगों की मौत, कौन है इसका मालिक?

Newspoint
नई दिल्ली: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में आज एक होटल में आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई। साकेत में मैक्स हॉस्पिटल के पास स्थित इस इमारत में होटल में लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट और फ्लोरिश स्टे बीएंडबी (बेड एंड ब्रेकफास्ट) था। सूत्रों के मुताबिक मरने वालों में अधिकांश लोग विदेशी थे। इस हादसे में बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस के मुताबिक आग सुबह उस समय लगी जब होटल में ठहरे अधिकांश लोग सो रहे थे। कौन है इस होटल का मालिक?
Hero Image

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस परिसर को गोयल ब्रदर्स (हरीश और वरुण गोयल) बेड एंड ब्रेकफास्ट लाइसेंस के तहत ऑपरेट करते थे। सूत्रों ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि लेमन ग्रीन के पास केवल 6 कमरों की परमिशन थी लेकिन वहां 25 कमरे ऑपरेट किए जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन जांच के बाद ही आग लगने के कारणों के पता चल पाएगा।

घायलों का इलाज
इस घटना में जान गंवाने वाले अधिकांश लोग अफ्रीका के थे। पुलिस का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ने वाली है क्योंकि जब आग लगी उस समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। पुलिस को सुबह 8.48 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत वहां पहुंचकर राहत और बचाव का काम शुरू किया। पुलिस के मुताबिक करीब 40 लोगों को निकाला गया है और उनका दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। 13 घायलों को एम्स में भर्ती कराया गया है।