ट्रेन में भी पावर बैंक में विस्फोट, क्या फ्लाइट की तरह इसमें भी होगा एक्शन?

Newspoint
नई दिल्ली: ट्रेन में पावर बैंक में विस्फोट की घटना बढ़ने लगी है। कुछ ऐसा ही एक हादसा दो दिन पहले ओडिशा के बंडामुंडा के पास हुआ था। मुंबई से हावड़ा जा रही डाउन मुंबई मेल के एक एसी डिब्बे में पावर बैंक में विस्फोट हो गया था। इसके बाद रेल मंत्रालय के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। अधिकारियों के बीच चर्चा शुरू हो गई है कि क्या ट्रेन में भी पावर बैंक ले जाने पर रोक लगा दी जाए? हवाई जहाज में इस तरह का एक्शन शुरू हो गया है।
Hero Image


मुंबई मेल में फटा पावर बैंक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बीते शनिवार को तड़के मुंबई से हावड़ा जाने वाली 12809, मुंबई मेल जब ओडिशा के बंडामुंडा के पास से गुजर रही थी, तभी उसके एक एसी डिब्बे में हल्के विस्फोट की आवाज सुनाई पड़ी। विस्फोट के बाद डिब्बे में धुआं भर गया और फायर अलार्म बज गया। इसके बाद किसी ने चैन पुलिंग कर दी। इस वजह से ट्रेन को बंडामुंडा इलेक्ट्रिक लोको शेड के पास डाउन लाइन पर करीब 15 मिनट रुकना पड़ा। पता चला कि ट्रेन के बी-3 डिब्बे में एक यात्री के पावर बैंक में तब विस्फोट हुआ जब उसे चार्ज किया जा रहा था।


मुंबई लोकल में भी हुआ ऐसा
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक खबर के मुताबिक रविवार, 25 अक्टूबर 2026, को मुंबई लोकल के लेडीज कोच में पावर बैंक में विस्फोट की घटना हुई थी। एजेंसी ने बताया था कि लोकल ट्रेन में यात्रा कर रही एक यात्री बैग में पावर बैंक था। उसी में विस्फोट हुआ था। इस वजह से माइनर फायर की रिपोर्ट आई। हालांकि, इससे किसी यात्री के जान-माल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था।


रेलवे बोर्ड में चर्चा शुरू
ट्रेन में लगातार हो रही ऐसी घटना पर रेलवे बोर्ड के अधिकारी सक्रिय हो गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि स्मार्टफोन की पहुंच जबसे आम आदमी तक हुर्ह है, पावर बैंक का उपयोग तेजी से बढ़ा है। लेकिन पावर बैंक के साथ कुछ खतरे भी हैं। अक्सर सुनने में आता है कि इसे चार्ज करते वक्त या इसके उपयोग के वक्त इसमें आग लग गई या विस्फोट हो गया। बीते महीने ऐसा ही एक हादसा इंडिगो की फ्लाइट में हुआ था। उसके बाद भारत के एविएशन रेगुलेटर डीजीसीए ने एक खास ब्रांड के पावर बैंक को हवाई जहाज में ले जाने पर रोक लगा दी थी। अब यात्री सुरक्षा के लिए रेलवे को कुछ ऐसा फैसला लेना होगा। हालांकि, उन्होंने बताया कि अभी सिर्फ इसकी चर्चा हुई है।


फ्लाइट में कब हुआ बैन?
आपको याद दिला दें कि 11 अक्टूबर 2026 को इंडिगो फ्लाइट, जो कि दिल्ली से चेन्नई जा रही थी, उसे हैदराबाद में डायवर्ट करना पड़ा था। उस फ्लाइट में यात्रा कर रहे किसी यात्री के केबिन बैगेज में पड़े पावर बैंक में आग लग गई थी। इस घटना के कुछ ही दिन बाद डीजीसीए ने MOBIKINS MK-PB-04 पावर बैंक को एयरक्राफ्ट में ले जाने पर रोक लगा दी। अब MOBIKINS MK-PB-04 पावर बैंक न तो केबिन बैगेज में परमिशबल है ना ही कार्गो फ्लाइट में।


दुनिया भर में बढ़ रही है घटना
दरअसल, पीईडी और पावर बैंक में आग लगने की घटना दुनिया भर में हो रही है। इस वजह से पावर बैंक पर विभिन्न देशों में विभिन्न तरह के निर्देश या प्रतिबंध लगाए गए हैं। भारत में अभी सिर्फ एविएशन इंडस्ट्री में इस बारे में सख्त निर्देश है। हवाई यात्रा के दौरान आप चेक्ड-इन बैगेज में किसी भी किस्म का पावर बैंक नहीं ले जा सकते। केबिन में यह अलाउड है, लेकिन MOBIKINS MK-PB-04 ब्रांड का पावर बैंक नहीं ले जा सकते।