अमेरिका के बाद जापान का बैंक भी महंगाई के आगे झुका, 31 साल के टॉप पर पहुंची ब्याज दर

Newspoint
नई दिल्ली: अमेरिका के बाद जापान के सेंट्रल बैंक ने भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर दी है। बैंक ऑफ जापान ने ब्याज दर में 25 बेसिस अंक की बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही देश में मुख्य ब्याज दर 1.25 फीसदी पर पहुंच गई है। साल 1995 के बाद जापान में पहली बार ब्याज दरें इस स्तर पर पहुंची हैं। इससे पहले जापानी बैंक ने जून में भी रेट में बढ़ोतरी की थी। 1990 के बाद यह पहला मौका है जब जापान के बैंक ने इतने कम अंतराल में दरें बढ़ाई हैं।
Hero Image

जापान को बढ़ते आर्थिक दबावों का सामना करना पड़ रहा है। यही वजह है कि वह दशकों से चली आ रही बहुत कम ब्याज दरों वाली नीति से हट रहा है। बैंक 2024 से ही ब्याज दरें बढ़ाने में लगा है। उस समय यह माइनस 0.1% थी। तबसे बैंक ऑफ जापान पिछले ढाई वर्षों में छह बार दरें बढ़ा चुका हैं। जापान कई आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिनमें लगातार कमजोर येन, बढ़ती कीमतें और घटती वर्कफोर्स शामिल हैं।

क्यों बढ़ रही है महंगाई?ईरान युद्ध के कारण ऊर्जा की कीमतें बढ़ने से दुनिया भर में महंगाई बढ़ रही है। यही वजह है कि कई देशों के सेंट्रल बैंक ब्याज दरें बढ़ा रहे हैं। अमेरिकी फेड रिजर्व ने तीन साल से अधिक समय में पहली बार अपनी बेंचमार्क ब्याज दर बढ़ाई है और साथ ही दिसंबर में फिर इसमें बढ़ोतरी का संकेत दिया है। यूरोपियन सेंट्रल बैंक ने भी इस महीने की शुरुआत में बोरोइंग कॉस्ट बढ़ाई थी। हालांकि बैंक ऑफ इंग्लैंड ने ब्याज दरों को यथावत रखा है लेकिन आगे बढ़ोतरी का संकेत दिया है।

जापान की इकॉनमी एक जमाने में रॉकेट की रफ्तार से बढ़ रही थी और माना जा रहा था कि वह अमेरिका को पीछे छोड़ देगा। लेकिन डिफ्लेशन के कारण 1990 के दशक में जापान की इकॉनमी में ठहराव आ गया था। आमतौर पर जब इकॉनमी में फंड की सप्लाई और क्रेडिट में गिरावट होती है तो डिफ्लेशन की स्थिति पैदा होती है।

जापान में महंगाईजापान में अगस्त में कोर महंगाई पिछले महीने के 1.8% से घटकर 1.7% रह गई, लेकिन यह बैंक के 2% के टारगेट लेवल के करीब बनी हुई है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय मानकों के हिसाब से जापान की महंगाई दर अधिक नहीं है, लेकिन बढ़ती कीमतें उसकी इकॉनमी के लिए नई चीज है। इस साल ग्लोबल ऑयल और गैस की कीमतें बढ़ी हैं। इससे जापान पर भी असर पड़ा है क्योंकि उसका ज्यादातर तेल मिडिल ईस्ट से आता है।