NPS Update: छोटे दुकानदारों को मिलेगी ₹3,000 मासिक पेंशन, जानें आवेदन का तरीका

National Pension Scheme for Traders : छोटे दुकानदारों, खुदरा व्यापारियों और अपना कारोबार करने वाले लोगों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा देने के लिए केंद्र सरकार एक खास पेंशन योजना चलाती है। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद हर महीने ₹3,000 पेंशन मिलती है। इससे व्यापारियों को बुजुर्ग होने पर नियमित आमदनी का सहारा मिलता है। आइए, इस पेंशन योजना के नियम, पात्रता और आवेदन से जुड़ी जरूरी जानकारी जानते हैं।
Hero Image



नेशनल पेंशन स्कीम क्या है?

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पहले ट्विटर) के जरिए जानकारी दी है कि केंद्र सरकार की इस योजना के तहत पात्र छोटे दुकानदारों, खुदरा व्यापारियों और स्व-रोजगार करने वाले लोगों को 60 साल की उम्र के बाद हर महीने ₹3,000 पेंशन दी जाती है।

इस तरह लाभार्थियों को सालाना ₹36,000 की पेंशन मिल सकती है। कई व्यापारी अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा कारोबार में ही लगा देते हैं, जिसके कारण रिटायरमेंट के लिए पर्याप्त बचत नहीं हो पाती। ऐसे में नेशनल पेंशन स्कीम फॉर ट्रेडर्स का उद्देश्य उन्हें भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा देना है। हालांकि, योजना का लाभ लेने के लिए सरकार की ओर से तय पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी है।



सरकार ने तय की हैं ये शर्तें

सरकारी दिशानिर्देशों के मुताबिक, यह पेंशन योजना पात्र छोटे दुकानदारों, खुदरा व्यापारियों और स्व-रोजगार करने वाले लोगों के लिए है। आवेदन करने वाले व्यक्ति की उम्र 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए।

इसके अलावा, आवेदक के कारोबार का सालाना टर्नओवर ₹1.5 करोड़ या उससे कम होना चाहिए। जिन व्यापारियों का वार्षिक टर्नओवर इस सीमा से अधिक है, वे योजना के पात्र नहीं होंगे। इस पेंशन योजना में शामिल होने के लिए पात्र आवेदकों को हर महीने निर्धारित अंशदान भी जमा करना होता है।



ई-श्रम से जुड़ी समस्या का समाधान कैसे पाएं?

अगर आपको ई-श्रम पोर्टल से जुड़ी कोई परेशानी है या योजना के बारे में अधिक जानकारी चाहिए, तो इसके लिए सहायता प्राप्त करना आसान है। आवेदक अपनी समस्या के समाधान के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14434 या 18008896811 पर संपर्क कर सकते हैं।

हेल्पलाइन की सुविधा हर दिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक उपलब्ध है। इसके अलावा, ई-श्रम से संबंधित सवालों के लिए eshramcare-mole@gov.in पर ईमेल भी भेज सकते हैं।

योजना और ई-श्रम पोर्टल से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट eshram.gov.in पर विजिट किया जा सकता है। आवेदन करने से पहले पात्रता और जरूरी शर्तों की जानकारी जरूर जांच लें।