ऑनलाइन शॉपिंग में कट गए पैसे लेकिन नहीं मिला सामान? ऐसे पाएं अपना पूरा रिफंड

आजकल ज्यादातर लोग घर बैठे ऑनलाइन शॉपिंग करना पसंद करते हैं। लेकिन कई बार ऑर्डर किया गया सामान समय पर नहीं पहुंचता, या फिर उसकी जगह कोई नकली या खराब प्रोडक्ट डिलीवर हो जाता है। कभी-कभी पेमेंट कट जाने के बाद भी ऑर्डर बुक नहीं होता और सामान वापस करने के बाद भी रिफंड मिलने में दिक्कत आती है। अगर आपके साथ भी ऐसा कुछ होता है, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। आप कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करके अपनी समस्या हल कर सकते हैं।
Hero Image


गलत या खराब सामान मिलने पर क्या करें?

अगर आपको ऑर्डर में गलत या डिफेक्टिव सामान मिला है, तो सबसे पहले उसके सबूत संभालकर रखें। जब भी कोई पार्सल खोलें, उसकी अनबॉक्सिंग का एक वीडियो जरूर बना लें। वीडियो में पैकेट का सील, लेबल और अंदर का सामान साफ दिखना चाहिए। इसके बाद शॉपिंग ऐप के 'My Orders' सेक्शन में जाएं और उस ऑर्डर को सेलेक्ट करें। वहां आपको Return, Replace या Report a Wrong Product का ऑप्शन मिलेगा। समस्या के हिसाब से सही ऑप्शन चुनें और फोटो या वीडियो अपलोड कर दें।


अगर ऑर्डर डिलीवर न हो तो क्या करें?

अगर आपका सामान तय समय पर नहीं पहुंचा है, तो ऐप में ऑर्डर स्टेटस चेक करें। अगर काफी समय से ऑर्डर एक ही जगह अटका हुआ दिख रहा है, तो कस्टमर केयर से बात करें और अपनी शिकायत का टिकट/शिकायत नंबर लें। फोन पर बात करने के अलावा चैट या ईमेल के जरिए भी शिकायत जरूर दर्ज कराएं ताकि आपके पास बातचीत का लिखित रिकॉर्ड रहे। अगर कंपनी समस्या का हल नहीं निकालती, तो आप उनके ग्रीवेंस ऑफिसर (Grievance Officer) से संपर्क कर सकते हैं।


रिफंड न मिलने पर क्या करें?

सामान वापस करने के बाद भी अगर रिफंड टाइम पर न आए, तो सबसे पहले ऐप में रिफंड का स्टेटस देखें। ध्यान रखें कि कंपनी की तरफ से रिफंड प्रोसेस होने के बाद भी बैंक अकाउंट या कार्ड में पैसे क्रेडिट होने में कुछ दिनों का समय लग सकता है। ऐप में दिए गए रिफंड रेफरेंस नंबर (ARN) को नोट करें। अगर तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी पैसा न मिले, तो कस्टमर सपोर्ट से संपर्क करें और शिकायत दर्ज कराएं।

पेमेंट फेल हो गया पर पैसे कट गए?

ऑनलाइन खरीदारी के दौरान अगर पेमेंट फेल हो जाता है और खाते से पैसे कट जाते हैं, तो तुरंत दोबारा पेमेंट करने की जल्दबाजी न करें। पहले अपने बैंक अकाउंट और शॉपिंग ऐप में ऑर्डर स्टेटस चेक करें। ज्यादातर मामलों में फेल ट्रांजैक्शन का पैसा अपने आप कुछ दिनों में वापस आ जाता है। अगर काफी समय बाद भी पैसा न आए, तो अपने बैंक और शॉपिंग प्लेटफॉर्म को ट्रांजैक्शन आईडी (Transaction ID) के साथ शिकायत भेजें।


बार-बार COD ऑर्डर कैंसिल करने के नुकसान

अगर आप कैश ऑन डिलीवरी (COD) पर सामान मंगवाते हैं और बार-बार ऑर्डर कैंसिल करते हैं या डिलीवरी लेने से मना कर देते हैं, तो इससे आपका अकाउंट प्रभावित हो सकता है। कई ई-कॉमर्स कंपनियां ऐसे यूजर्स के लिए COD का ऑप्शन हमेशा के लिए बंद कर देती हैं। इसलिए जरूरत होने पर ही ऑर्डर करें और बेवजह कैंसिलेशन से बचें।

कंपनी बात न सुने तो कहां करें शिकायत?

अगर ई-कॉमर्स कंपनी आपकी समस्या का हल नहीं निकालती है, तो आप नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन (National Consumer Helpline) पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए अपने पास ऑर्डर आईडी, बिल, पेमेंट का प्रूफ, रिटर्न डिटेल्स, अनबॉक्सिंग वीडियो और कंपनी के साथ हुई बातचीत का रिकॉर्ड सुरक्षित रखें।

ऑनलाइन फ्रॉड होने पर क्या करें?


अगर मामला सिर्फ गलत सामान या रिफंड तक सीमित नहीं है और आपके साथ कोई ऑनलाइन धोखाधड़ी हो गई है, तो बिना देरी किए तुरंत कार्रवाई करें। अपने बैंक या पेमेंट सर्विस प्रदाता को इसकी जानकारी दें और साइबर क्राइम पोर्टल (cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं। शिकायत के लिए ट्रांजैक्शन मैसेज, स्क्रीनशॉट और बैंक स्टेटमेंट जैसे सबूत तैयार रखें।

वारंटी में सामान खराब होने पर क्या करें?

अगर ऑनलाइन खरीदा गया सामान वारंटी पीरियड के दौरान खराब हो जाता है, तो सबसे पहले ब्रांड की ऑफिशियल वेबसाइट या नजदीकी अधिकृत सर्विस सेंटर (Authorised Service Centre) से संपर्क करें। क्लेम दर्ज कराते समय ओरिजिनल बिल और वारंटी कार्ड साथ रखें। कंपनी के नियमों के मुताबिक आपको रिपेयरिंग, रिप्लेसमेंट या अन्य समाधान मिल जाएगा।

अस्वीकरण: यह जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए दी गई है। ऑनलाइन खरीदारी या वित्तीय लेनदेन से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए संबंधित ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, बैंक या आधिकारिक उपभोक्ता फोरम के नियमों व दिशानिर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार के वित्तीय फ्रॉड की स्थिति में तुरंत अपने बैंक और नजदीकी साइबर पुलिस स्टेशन को सूचित करें।