FD पर मिलेगा बेहतर रिटर्न? RBI के नए प्रस्ताव से बैंकों को मिलेगी ज्यादा छूट


निवेश की बात आते ही ज्यादातर लोग फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) को एक सुरक्षित विकल्प मानते हैं, क्योंकि इस पर शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव का सीधा असर नहीं पड़ता। इसके अलावा, बैंक FD में निवेश करने पर तय अवधि पूरी होने के बाद मूलधन के साथ निश्चित ब्याज भी मिलता है, जिससे रिटर्न को लेकर किसी तरह की अनिश्चितता नहीं रहती।
Hero Image


यही वजह है कि कम जोखिम पसंद करने वाले निवेशक और नियमित आय की तलाश करने वाले लोग फिक्स्ड डिपॉजिट को प्राथमिकता देते हैं। FD न केवल पूंजी की सुरक्षा प्रदान करती है, बल्कि स्थिर और अनुमानित रिटर्न का भरोसा भी देती है।


बैकों को प्री-अनाउंस करनी होगीं FD ब्याज दरें



अगर आपके पास फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) है, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकती है। दरअसल, फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े नियमों में बदलाव को लेकर एक नया प्रस्ताव सामने आया है। भारतीय रिजर्व बैंक ( RBI ) FD से संबंधित कुछ नए नियम लागू करने की तैयारी कर रहा है।

यदि ये प्रस्ताव लागू होते हैं, तो बैंकों को अपनी जरूरतों और बाजार की परिस्थितियों के अनुसार बड़े डिपॉजिट पर अलग-अलग ब्याज दरें तय करने की अनुमति मिल सकती है। इसके अलावा, बैंकों के लिए FD पर दी जाने वाली ब्याज दरों की अग्रिम घोषणा (प्री-अनाउंसमेंट) करना भी अनिवार्य किया जा सकता है।


इस कदम से बैंकिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है और ग्राहकों को निवेश से जुड़ी जानकारी पहले से उपलब्ध हो सकेगी। फिलहाल, RBI ने इन प्रस्तावों पर आम लोगों और संबंधित पक्षों से 20 जून 2026 तक सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं।


बल्क डिपॉजिट के लिए क्या बदलाव हो सकते हैं?




RBI द्वारा प्रस्तावित बदलाव मुख्य रूप से बल्क डिपॉजिट (Bulk Deposits) से जुड़े हैं। बल्क डिपॉजिट का मतलब बड़ी रकम वाली जमा राशि से है, जिसे आमतौर पर संस्थागत निवेशक, कंपनियां या उच्च नेटवर्थ वाले व्यक्ति (HNI) बैंक में जमा करते हैं। अब तक इन जमा राशियों पर ब्याज दर तय करने के लिए एक मानक व्यवस्था लागू थी, लेकिन नए प्रस्ताव के तहत बैंकों को अधिक लचीलापन देने की योजना है।

अगर यह नियम लागू होता है, तो बैंक अपनी फंडिंग जरूरतों, लिक्विडिटी की स्थिति और बाजार की परिस्थितियों के आधार पर अलग-अलग ग्राहकों या जमा राशियों के लिए अलग ब्याज दरें तय कर सकेंगे।


इसका मतलब है कि जब किसी बैंक को अतिरिक्त धन की आवश्यकता होगी, तो वह अधिक जमा राशि आकर्षित करने के लिए ऊंची ब्याज दर की पेशकश कर सकता है। वहीं, जब फंड की जरूरत कम होगी, तो बैंक ब्याज दरों में कटौती भी कर सकते हैं। इससे बैंकों को अपनी वित्तीय जरूरतों के अनुसार जमा राशि प्रबंधन में अधिक सुविधा मिलेगी।


ब्याज दरों में पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर




RBI के इस प्रस्ताव का सबसे बड़ा उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना है। केंद्रीय बैंक चाहता है कि सभी बैंक अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और अन्य जमा योजनाओं पर लागू ब्याज दरों की पूरी जानकारी पहले से अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक करें।

प्रस्ताव के अनुसार, यह जानकारी बैंकिंग कारोबार शुरू होने से पहले ही उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इससे ग्राहकों को अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरों की आसानी से तुलना करने में मदद मिलेगी। साथ ही, चुनिंदा ग्राहकों को अलग ब्याज दरें देने या जानकारी छिपाने जैसी संभावनाएं भी कम हो जाएंगी।

इसके अलावा, निवेशकों के लिए यह समझना आसान होगा कि कौन-सा बैंक उनकी जमा राशि पर बेहतर रिटर्न दे रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बदलाव से FD बाजार अधिक प्रतिस्पर्धी और प्रभावी बनेगा, जिसका सीधा फायदा ग्राहकों को मिलेगा।