FD और SIP में किसे चुनें? जानिए निवेश का सही विकल्प

बढ़ते निवेश बाजार में पैसा लगाकर आज हर कोई मोटा रिटर्न कमाना चाहता है। लेकिन सबके मन में यह सवाल रहता है कि कहाँ निवेश करें जिससे न सिर्फ अच्छा रिटर्न मिले बल्कि पैसा भी सुरक्षित रहे। आमतौर पर इसके लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) को काफी अच्छा माना जाता है। हालांकि इन दोनों ही निवेश विकल्पों के अपने अलग-अलग फायदे हैं।
Hero Image


FD में आपको तय (गैर-जोखिम) रिटर्न मिलता है और आपकी मूल राशि सुरक्षित रहती है। लेकिन यह समझना जरूरी है कि निवेश के लिए FD या SIP में से कौन-सा विकल्प ज्यादा सुरक्षित है। यहाँ हम दोनों विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं, जिससे आपके सभी सवाल दूर हो सकें। नीचे आप FD और SIP से जुड़ी मुख्य जानकारियाँ पढ़ सकते हैं।


FD किसे चुनना चाहिए?


FD उन लोगों के लिए एक लोकप्रिय निवेश विकल्प है जो अपने पैसे की सुरक्षा को ज्यादा तवज्जो देते हैं। निवेशक को पहले से ही पता होता है कि मैच्योरिटी पर उन्हें कितना रिटर्न मिलेगा।


क्योंकि FD बाजार के उतार-चढ़ाव से प्रभावित नहीं होती, इसलिए यह जोखिम से बचने वाले निवेशकों के लिए सबसे सही मानी जाती है। इसके अलावा, FD से रेगुलर इनकम भी हासिल की जा सकती है, जो रिटायर्ड लोगों या नियमित आय चाहने वालों के लिए फायदेमंद होती है।

SIP किसे चुनना चाहिए?


दूसरी ओर, SIP म्यूचुअल फंड में नियमित रूप से निवेश करने का एक तरीका है, जिसमें निवेशक हर महीने एक फिक्स्ड रकम निवेश करता है। SIP का एक बड़ा फायदा यह है कि इसमें छोटी रकम से भी निवेश शुरू किया जा सकता है।


SIP में “Rupee Cost Averaging” का फायदा मिलता है, जिससे बाजार के उतार-चढ़ाव का असर कम हो जाता है। इसके अलावा, लंबे समय तक निवेश बनाए रखने पर कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है, जिससे आपका निवेश समय के साथ काफी बढ़ सकता है।

कौन सा बेहतर रिटर्न देता है?


अगर आप मध्यम अवधि जैसे लगभग सात साल के लिए निवेश करना चाहते हैं, तो SIP, FD की तुलना में बेहतर विकल्प हो सकता है। हालांकि SIP बाजार से जुड़ा निवेश है और इसमें उतार-चढ़ाव का जोखिम होता है, लेकिन लंबे समय में यह FD की तुलना में अधिक रिटर्न देने की क्षमता रखता है। अगर आपका टारगेट लगभग सात सालों में एक बड़ा फंड बनाना है और आप थोड़ा जोखिम लेने के लिए तैयार हैं, तो SIP एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है।

अगर SIP निवेश में आप “Step-up SIP” विकल्प चुनकर हर साल अपनी निवेश राशि को थोड़ा बढ़ाते हैं, तो आप FD की तुलना में और भी बेहतर रिटर्न हासिल कर सकते हैं। वहीं, अगर आप जोखिम नहीं लेना चाहते हैं, तो FD आपके लिए बेहतर है क्योंकि इसमें तय और सुरक्षित रिटर्न मिलता है, जो रिटायरमेंट के बाद नियमित आय का अच्छा विकल्प बन सकता है।