8वें वेतन आयोग के तहत जानिए किस लेवल के कर्मचारी को मिलेगा सबसे ज्यादा फायद?

Newspoint

केंद्रीय कर्मचारियों के बीच इन दिनों 8वें वेतन आयोग को लेकर सबसे बड़ा और हॉट टॉपिक इसकी सिफारिशों और इसके लागू होने की तारीख को लेकर बना हुआ है। अगर आयोग की रिपोर्ट आने और नई सैलरी के धरातल पर उतरने में लंबा वक्त लगता है, तो कर्मचारियों को पिछली तारीख से बढ़ी हुई बेसिक सैलरी का तगड़ा एरियर मिलने की पूरी उम्मीद है। हालांकि, मिलने वाले इस एरियर की वास्तविक रकम पूरी तरह से फिटमेंट फैक्टर, संशोधित बेसिक पे और सरकार के फाइनल डिसीजन पर निर्भर करेगी।

Hero Image
कब तक आ सकती है 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट?

8वें वेतन आयोग को नवंबर 2025 में दिए गए टर्म्स ऑफ रेफरेंस के आधार पर अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए कुल 18 महीने का समय दिया गया है। इस हिसाब से इसकी समयसीमा मई 2027 के आसपास बैठती है। हालांकि, आयोग चाहे तो जरूरत पड़ने पर समय बढ़ाने की मांग भी कर सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह रिपोर्ट मार्च से अगस्त 2027 के बीच आने की संभावना जताई जा रही है। अगर नई सैलरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाती है और इसका भुगतान बाद में होता है, तो बीच के महीनों का वेतन अंतर एरियर के रूप में दिया जाएगा, हालांकि इस पर अभी सरकार की अंतिम मुहर लगना बाकी है।

लेवल-6 और लेवल-7 के कर्मचारियों को कितना मिलेगा एरियर?

मीडिया रिपोर्ट्स और अनुमानित गणना के मुताबिक, लेवल-6 का मौजूदा न्यूनतम बेसिक पे 35,400 रुपये है। अगर फिटमेंट फैक्टर 2.15 माना जाता है, तो संशोधित बेसिक पे 76,110 रुपये हो सकता है। ऐसे में 20 महीने का अनुमानित एरियर करीब 8.14 लाख रुपये और 24 महीने का करीब 9.77 लाख रुपये बैठता है। वहीं, अगर फिटमेंट फैक्टर 2.57 रहता है, तो यही अनुमान 20 महीने के लिए करीब 11.12 लाख रुपये और 24 महीने के लिए करीब 13.34 लाख रुपये तक पहुंच सकता है।

इसी तरह, लेवल-7 के लिए मौजूदा बेसिक पे 44,900 रुपये माना गया है। 2.15 के फिटमेंट फैक्टर पर 24 महीने का अनुमानित एरियर करीब 12.39 लाख रुपये है, जबकि 2.57 के फिटमेंट फैक्टर पर यह रकम बढ़कर करीब 16.92 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। साफ है कि फिटमेंट फैक्टर जितना ज्यादा होगा, बेसिक पे का अंतर और संभावित एरियर भी उतना ही ज्यादा मिलेगा।

लेवल-8 के कर्मचारियों की हो सकती है मौज, मिल सकते हैं करीब 18 लाख रुपये

लेवल-8 के कर्मचारियों के लिए मौजूदा बेसिक पे 47,600 रुपये माना गया है। यदि फिटमेंट फैक्टर 2.15 रहता है, तो संशोधित बेसिक पे 1,02,340 रुपये हो सकता है, जिससे 20 महीने का अनुमानित एरियर 10.95 लाख रुपये और 24 महीने का करीब 13.14 लाख रुपये बनता है।

वहीं, अगर फिटमेंट फैक्टर 2.57 तय होता है, तो संशोधित बेसिक करीब 1,22,332 रुपये हो जाएगा। इस शानदार स्थिति में 20 महीने का एरियर करीब 14.95 लाख रुपये और 24 महीने का भारी-भरकम एरियर करीब 17.94 लाख रुपये तक पहुंच सकता है।

क्या हर भत्ते पर मिलेगा एरियर का लाभ?

यह समझना बेहद जरूरी है कि एरियर की यह सारी गणना मुख्य रूप से केवल बेसिक पे में होने वाली संभावित बढ़ोतरी पर आधारित है। मकान किराया भत्ता यानी HRA सीधे तौर पर बेसिक पे से जुड़ा होता है, इसलिए नई बेसिक सैलरी लागू होने पर इसमें भी बदलाव तय है।

इसके उलट, महंगाई भत्ता यानी DA की समीक्षा साल में दो बार की जाती है और ट्रांसपोर्ट अलाउंस भी डीए से ही जुड़ा होता है, इसलिए यह जरूरी नहीं है कि हर एक भत्ते पर उसी प्रकार एरियर का भुगतान किया जाए।

अंत में यह ध्यान रखना भी जरूरी है कि 17.94 लाख रुपये जैसी बड़ी रकम फिलहाल केवल अनुमानित गणना पर आधारित है। 8वें वेतन आयोग का अंतिम फिटमेंट फैक्टर क्या होगा, संशोधित वेतन कितना बढ़ेगा और एरियर का भुगतान किस तरीके से होगा, इन सभी बातों की असली तस्वीर सरकार की तरफ से फाइनल नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही साफ हो पाएगी।