देश के इन जांबाजों को रेलवे का बड़ा तोहफा! वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों में अब कर सकेंगे बिल्कुल मुफ्त सफर
मुफ्त रेल यात्रा फैसला: चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कार विजेताओं को अब वंदे भारत समेत देश की सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी. केंद्र सरकार ने इन पुरस्कार विजेताओं को पहले से मिल रही मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा का दायरा और बढ़ा दिया है. अब यह सुविधा सभी ट्रेनों में लागू होगी, जबकि उनके पहले से चले आ रहे यात्रा अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
भारतीय सेना ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इस फैसले की जानकारी साझा की. सेना के मुताबिक, रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय से विचार-विमर्श करने के बाद चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए मुफ्त रेल यात्रा सुविधा का विस्तार किया है.
वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों में मिलेगी सुविधासेना ने अपने पोस्ट में बताया कि वीरता का सम्मान करने के उद्देश्य से एक बड़ी कल्याणकारी पहल के तहत चक्र सीरीज के पुरस्कार विजेताओं के लिए मुफ्त ट्रेन सफर की सुविधा बढ़ाई गई है.
भारतीय सेना ने इस फैसले को देश के वीरों के साहस, बलिदान और सेवा के प्रति सम्मान से जुड़ी पहल करार दिया है. सेना के अनुसार, यह कदम देश के योद्धाओं के अमूल्य योगदान को पहचानने और उन्हें सम्मान देने के लिए रेलवे और रक्षा मंत्रालय की साझा प्रतिबद्धता को दिखाता है.
आजादी के बाद सरकार ने सबसे पहले तीन वीरता पुरस्कार शुरू किए थे, जिनमें परमवीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र शामिल हैं. इन पुरस्कारों की स्थापना 26 जनवरी 1950 को की गई थी, हालांकि इन्हें 15 अगस्त 1947 से ही प्रभावी माना गया. इसके बाद तीन अन्य वीरता पुरस्कार भी शुरू किए गए. वरीयता क्रम के हिसाब से इन छह वीरता पुरस्कारों में सबसे ऊपर परमवीर चक्र आता है, जिसके बाद अशोक चक्र, महावीर चक्र, कीर्ति चक्र, वीर चक्र और शौर्य चक्र शामिल हैं.