1 सितंबर से खाते में आएंगे ₹2,500! जानिए दिल्ली लक्ष्मी योजना का स्टेटस कैसे करें ट्रैक

Newspoint

दिल्ली की महिलाओं के लिए एक बहुत बड़ी और खुशखबरी सामने आ रही है। दिल्ली सरकार 26 अगस्त 2026 को बहुप्रतीक्षित ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ की औपचारिक शुरुआत करने जा रही है। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान लगभग 4,000 पात्र महिलाओं को योजना के स्वीकृति पत्र (Sanction Letters) अपने हाथों से सौंपेंगी।

इस योजना के तहत दिल्ली की पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि लाभार्थियों के खातों में पैसे का ट्रांसफर 1 सितंबर से शुरू हो जाएगा। सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के राज्य बजट में इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए ₹5,110 करोड़ का भारी-भरकम बजट तय किया है।

सरकार की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, 25 अगस्त तक करीब 9.13 लाख महिलाओं ने योजना के आधिकारिक पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है। इनमें से लगभग 6.52 लाख महिलाओं के आवेदन अंतिम रूप से सफलतापूर्वक जमा (Submit) किए जा चुके हैं। बता दें कि इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू की गई थी।

जानिए कैसे ट्रैक करें अपने आवेदन का स्टेटस

इस योजना का फायदा उठाने के लिए केवल रजिस्ट्रेशन करवा लेना ही काफी नहीं है। आपके द्वारा आवेदन फॉर्म जमा किए जाने के बाद सरकार द्वारा आपकी पात्रता की गहन जांच की जाएगी। सत्यापन (Verification) पूरा होने के बाद ही लाभार्थी के आवेदन को अंतिम मंजूरी दी जाएगी।

जिन महिलाओं ने इस योजना के लिए आवेदन किया है, वे आधिकारिक ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ पोर्टल पर जाकर बड़ी आसानी से अपने आवेदन का स्टेटस चेक कर सकती हैं। पोर्टल पर “Track Application” विकल्प पर क्लिक करके महिलाएं अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर के जरिए यह देख सकती हैं कि उनका फॉर्म स्वीकृत हुआ है या नहीं।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी आवेदन पत्र में कोई जानकारी अधूरी या गलत दर्ज हो गई है, तो उसे सुधारने (Edit/Correction) का मौका भी दिया जाएगा। सबसे खास बात यह है कि इस योजना का रजिस्ट्रेशन पूरे साल खुला रहेगा। हर महीने की आखिरी तारीख तक प्राप्त होने वाले आवेदनों को उस महीने का कट-ऑफ माना जाएगा और आवेदन मंजूर होते ही संबंधित महिला को अगले ही महीने से योजना की राशि मिलने लगेगी।

कौन-कौन महिलाएं होंगी इस योजना के लिए पात्र?

आधिकारिक गाइडलाइंस के अनुसार, दिल्ली लक्ष्मी योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी जरूरी है। इसके साथ ही महिला को अपने परिवार की सबसे बड़ी महिला सदस्य होना चाहिए।

योजना की अन्य शर्तों के मुताबिक परिवार की कुल सालाना आय ₹2.5 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक महिला का दिल्ली की मतदाता सूची में नाम दर्ज (Registered Voter) होना अनिवार्य है। इसके अलावा महिला, उसके पति या उसके माता-पिता में से किसी एक का कम से कम पिछले 10 वर्षों से दिल्ली का स्थायी निवासी होना जरूरी है। शर्त यह भी है कि पिछले 12 महीनों में पूरे परिवार की कुल बिजली खपत 2,400 यूनिट से अधिक नहीं होनी चाहिए।

ये लोग नहीं उठा पाएंगे योजना का लाभ

दिल्ली सरकार ने इस योजना में कई तरह की कड़ी शर्तें और अपात्रता के नियम भी लागू किए हैं ताकि जरूरतमंदों तक ही इसका लाभ पहुंचे:

  • पेंशनर व टैक्सपेयर: किसी भी सरकारी पेंशन या अन्य आर्थिक सहायता पाने वाली महिलाएं, इनकम टैक्स भरने वाले परिवार, GST फाइल करने वाली महिलाएं और सरकारी कर्मचारी या सार्वजनिक पद पर रहने वाली महिलाएं इसके पात्र नहीं होंगी।
  • सरकारी नौकरी: यदि परिवार का कोई भी सदस्य केंद्र सरकार, राज्य सरकार, PSU, किसी बोर्ड, स्थानीय निकाय या सरकारी संस्थान में कार्यरत है, तो उस परिवार को लाभ नहीं मिलेगा।
  • वाहन व बच्चे: चार पहिया वाहन (Car आदि) रखने वाले परिवार, तीन से अधिक बच्चों वाले परिवार और आपराधिक रिकॉर्ड वाले आवेदकों को इस योजना की सूची से बाहर रखा गया है। सरकार ने इसको लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश 11 अगस्त को ही जारी कर दिए थे।
जानिए कैसे मिलेंगे पैसे: कैश और सेविंग्स का अनोखा फॉर्मूला

इस योजना से जुड़ी एक और बेहद महत्वपूर्ण बात यह है कि हर महीने मिलने वाली ₹2,500 की पूरी राशि सीधे खर्च करने के लिए नकद या साधारण बैंक ट्रांसफर के रूप में नहीं मिलेगी।

Hero Image

सरकार द्वारा तय की गई नई व्यवस्था के अनुसार, लाभार्थी महिला को ₹1,000 उसके CBDC-लिंक्ड (ई-रुपया/डिजिटल करंसी) खाते के माध्यम से दिए जाएंगे, जिन्हें वे दैनिक खर्चों के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं। वहीं बाकी बचे ₹1,500 को महिला के नाम पर FD (फिक्स्ड डिपॉजिट) या RD (रिकरिंग डिपॉजिट) के रूप में जमा किया जाएगा।

अगर लाभार्थी महिला चाहे, तो वह पूरी ₹2,500 की राशि को भी डिपॉजिट (बचत) विकल्प में रखने का विकल्प चुन सकती है। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए महिला का योजना के CBDC सिस्टम से जुड़े किसी सहयोगी बैंक में एक्टिव अकाउंट होना अनिवार्य है। इस अनोखी व्यवस्था के जरिए दिल्ली सरकार का मकसद महिलाओं को हर महीने वित्तीय मदद देने के साथ-साथ उनमें बचत करने की आदत को भी बढ़ावा देना है।