PM Kisan Yojana: अटक सकती है 25वीं किस्त! खाते में पैसा चाहिए तो तुरंत निपटा लें ये 3 जरूरी काम

Newspoint

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को केंद्र सरकार की ओर से हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह पैसा तीन बराबर किस्तों में सीधे लाभार्थी किसानों के बैंक खाते में भेजा जाता है। अब तक पात्र किसानों को इस योजना की 24 किस्तें मिल चुकी हैं।

अब देशभर के करोड़ों किसानों को 25वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है। लेकिन 25वीं किस्त का पैसा खाते में आने से पहले कुछ बेहद जरूरी काम पूरे करना अनिवार्य है, वरना आपकी किस्त बीच में ही अटक सकती है।

आइए जानते हैं कि किन वजहों से आपकी अगली किस्त रुक सकती है और इससे बचने के लिए क्या करना होगा।

ई-केवाईसी (e-KYC) न होने पर

अगर किसी किसान भाई की ई-केवाईसी प्रक्रिया अभी तक अधूरी है, तो उनकी अगली किस्त का भुगतान खाते में आने से अटक सकता है। योजना का लाभ लगातार पाने के लिए ई-केवाईसी पूरा होना बेहद जरूरी है।

भूलेख सत्यापन अटका हो तो?

जमीन के कागजात का रिकॉर्ड अपडेट या सत्यापित न होने पर भी किस्त की राशि रुक सकती है। इसलिए यह सुनिश्चित कर लें कि आपके भूलेखों का सत्यापन समय पर पूरा हो चुका हो।

बैंक खाता क्यों करता है दिक्कत?

अगर आपका बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक नहीं है या उसमें डीबीटी (DBT) सक्रिय नहीं है, तो खाते में पैसा आने में रुकावट आ सकती है। बिना किसी परेशानी के समय पर भुगतान पाने के लिए अपनी बैंक शाखा में जाकर आधार सीडिंग और डीबीटी सुविधा तुरंत चालू करा लें।