रिटायरमेंट के बाद हर महीने 50 हजार से ज्यादा की कमाई! जानिए पोस्ट ऑफिस के इस डबल धमाका प्लान का हिसाब
रिटायरमेंट के बाद सबसे बड़ी जरूरत यही होती है कि जिंदगीभर की जमा पूंजी सुरक्षित रहे और हर महीने घर के खर्च के लिए नियमित आय भी होती रहे. ऐसे में पति-पत्नी आसानी से पोस्ट ऑफिस की सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (SCSS) और पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS) के जरिए पक्की ब्याज कमाई का प्लान बना सकते हैं.
हालांकि, निवेश करने से पहले दोनों योजनाओं की ब्याज दर, अधिकतम निवेश सीमा और ब्याज मिलने के तरीके को समझना बेहद जरूरी है. आइए आपको 50,250 रुपये की मंथली इनकम का पूरा हिसाब बताते हैं.
SCSS में निवेश करने पर कितना मिलेगा ब्याज?पोस्ट ऑफिस की सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (SCSS) 60 साल या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए है. इसमें फिलहाल अक्टूबर-दिसंबर 2026 तिमाही के लिए 8.2% सालाना ब्याज दिया जा रहा है. इस स्कीम में एक व्यक्ति अधिकतम 30 लाख रुपये जमा कर सकता है. इसलिए 62 साल के पति और 60 साल की पत्नी अपने-अपने नाम से अलग-अलग SCSS खाते खुलवाकर 30-30 लाख रुपये निवेश कर सकते हैं.
यानी दोनों का कुल निवेश 60 लाख रुपये हो जाएगा. 8.2% सालाना ब्याज दर के हिसाब से पति को सालाना 2,46,000 रुपये और पत्नी को भी 2,46,000 रुपये ब्याज मिलेगा. दोनों को मिलाकर सालाना कुल 4,92,000 रुपये की कमाई होगी. SCSS में ब्याज का भुगतान हर तीन महीने में किया जाता है. इस हिसाब से दंपती को हर तिमाही कुल 1,23,000 रुपये मिलेंगे, जो महीने के औसत के हिसाब से 41,000 रुपये बैठता है.
| डिटेल | पति | पत्नी | कुल |
| निवेश | 30 लाख | 30 लाख | 60 लाख |
| ब्याज दर | 8.2% | 8.2% | 8.2% |
| सालाना ब्याज | 2,46,000 रुपये | 2,46,000 रुपये | 4,92,000 रुपये |
| तिमाही ब्याज | 61,500 रुपये | 61,500 रुपये | 1,23,000 रुपये |
रिटायरमेंट के बाद हर महीने तय आमदनी पाने के लिए पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS) भी एक बेहतरीन विकल्प है. इस योजना में अक्टूबर-दिसंबर 2026 तिमाही के दौरान 7.4% सालाना ब्याज मिल रहा है. सिंगल खाते में अधिकतम 9 लाख रुपये और ज्वाइंट अकाउंट में अधिकतम 15 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं.
अगर पति-पत्नी संयुक्त खाते में 15 लाख रुपये निवेश करते हैं, तो 7.4% ब्याज दर के हिसाब से सालाना 1,11,000 रुपये ब्याज मिलेगा. इस रकम को 12 महीनों में बांटने पर हर महीने 9,250 रुपये की कमाई होगी. इसकी खास बात यह है कि POMIS में ब्याज सीधे हर महीने खाते में आता है.
75 लाख रुपये के निवेश से कैसे बनेगी 50,250 रुपये की कमाई?अब दोनों योजनाओं से होने वाली कुल कमाई को एक साथ देखते हैं. मान लीजिए पति-पत्नी SCSS में 60 लाख रुपये और POMIS में 15 लाख रुपये लगाते हैं, तो उनकी पूरी 75 लाख रुपये की रिटायरमेंट सेविंग निवेश हो जाएगी.
दोनों योजनाओं से मिलने वाली रकम का हिसाब इस तरह रहेगा:
| निवेश का जरिया | निवेश की रकम | सालाना ब्याज | हर महीने की औसत कमाई |
| पति का SCSS खाता | 30 लाख रुपये | 2,46,000 रुपये | 20,500 रुपये |
| पत्नी का SCSS खाता | 30 लाख रुपये | 2,46,000 रुपये | 20,500 रुपये |
| ज्वाइंट POMIS खाता | 15 लाख रुपये | 1,11,000 रुपये | 9,250 रुपये |
| कुल | 75 लाख रुपये | 6,03,000 रुपये | 50,250 रुपये |
इस तरह 75 लाख रुपये के कुल निवेश पर सालाना 6,03,000 रुपये ब्याज मिलेगा. इसे 12 महीनों में बांटें तो औसतन हर महीने 50,250 रुपये की कमाई बनती है. हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि SCSS का ब्याज तिमाही आधार पर मिलता है, जबकि POMIS का ब्याज हर महीने खाते में आता है. इसलिए हर महीने ठीक 50,250 रुपये का भुगतान नहीं होगा, बल्कि यह दोनों योजनाओं से मिलने वाले कुल सालाना ब्याज का मासिक औसत है.
SCSS और POMIS दोनों योजनाओं की अवधि 5 साल है. SCSS में निवेश करने वाले को हर तीन महीने में ब्याज मिलता है, जबकि POMIS में हर महीने ब्याज खाते में जमा होता है. दोनों स्कीमों में समय से पहले खाता बंद कराने के नियम और शर्तें भी लागू होते हैं.
एक और अहम बात यह है कि इन योजनाओं से मिलने वाला ब्याज टैक्स के दायरे में आता है. यानी 6.03 लाख रुपये की सालाना ब्याज आय को पूरी तरह टैक्स फ्री नहीं माना जा सकता. पति-पत्नी को अपनी कुल आमदनी और लागू टैक्स स्लैब के हिसाब से टैक्स की गणना करनी होगी. इसलिए निवेश करने से पहले टैक्स का हिसाब भी समझना जरूरी है. इस तरह पोस्ट ऑफिस की इन दो योजनाओं के जरिए रिटायरमेंट की जमा पूंजी से नियमित आमदनी का इंतजाम किया जा सकता है.