51 हजार युवाओं को मिलेगा सरकारी नौकरी का तोहफा, 20वें रोजगार मेले का बड़ा ऐलान
देश के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का सपना एक बार फिर सच होने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 19 सितंबर 2026 को 20वें रोजगार मेले के माध्यम से देश भर के विभिन्न सरकारी संगठनों में नवनियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. प्रधानमंत्री इस खास कार्यक्रम में दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे और देश भर के इन नवनियुक्त युवाओं को अपना मार्गदर्शन देंगे और संबोधित भी करेंगे.
इस 20वें रोजगार मेले के तहत चुने गए सभी उम्मीदवार केंद्र सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण मंत्रालयों और विभागों में अपनी नई सेवाएं शुरू करेंगे. इन प्रमुख विभागों में राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय समेत कई अन्य विभाग शामिल हैं.
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस 20वें रोजगार मेले के पूरा होने के बाद विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में रोजगार मेलों के माध्यम से कुल नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं की संख्या बढ़कर करीब 12.75 लाख तक पहुंच जाएगी. इससे पहले जुलाई 2026 में सरकार ने संसद में यह जानकारी साझा की थी कि मिशन मोड भर्ती पहल के तहत कुल 19 रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 12 लाख से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके हैं.
केंद्र सरकार के मंत्रालयों के अलावा केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वायत्त संस्थानों, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में भी बड़े पैमाने पर भर्तियां की जा रही हैं.