यूपी में 4.85 करोड़ छात्रों को मिला बड़ा तोहफा! योगी सरकार ने बढ़ाया छात्रवृत्ति का दायरा, सीधे खाते में पहुंच रही रकम

Newspoint

भारतीय संविधान ने हर नागरिक को समानता, सम्मान और आगे बढ़ने के बराबर अवसर दिए हैं. संविधान की यह सोच तब सही मायनों में साकार होती है, जब समाज के सबसे पिछड़े और कमजोर परिवार का बच्चा भी पढ़ाई के दम पर अपने सपनों को पूरा करने का मौका पाता है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इसी लक्ष्य को जमीन पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है.

छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए पढ़ाई की राह आसान बना रही हैं.

खास बात यह है कि इन योजनाओं से उन परिवारों के बच्चों को भी आगे बढ़ने का हौसला मिल रहा है, जिनकी पीढ़ियों में पहली बार कोई छात्र उच्च शिक्षा की दहलीज तक पहुंचा है. योगी सरकार के कार्यकाल में अब तक सभी वर्गों के 4.85 करोड़ से अधिक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का सीधा लाभ दिया जा चुका है.

छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के बजट में हुई उल्लेखनीय वृद्धि

योगी सरकार में पूर्वदशम् और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं का दायरा लगातार बढ़ाया गया है. इन योजनाओं के जरिए अनुसूचित जाति, सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों को अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक मदद दी जा रही है.

लाभार्थी छात्रों की संख्या बढ़ने के कारण सरकार ने छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के बजट में भी अच्छी-खासी बढ़ोतरी की है.

सरकार की ओर से किए जा रहे नियमित भुगतान से इन योजनाओं का असर साफ दिखाई देता है. बीते 3 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से ज्यादा की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि भेजी थी. इसमें अन्य पिछड़ा वर्ग के 2,23,615 छात्रों को 60.01 करोड़ रुपये, अनुसूचित जाति के 1,59,959 छात्रों को 64.54 करोड़ रुपये, सामान्य वर्ग के 38,084 छात्रों को 11.43 करोड़ रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 38,901 छात्रों को 12.06 करोड़ रुपये दिए गए.

इससे पहले 25 जनवरी 2026 को भी 18,78,726 छात्र-छात्राओं के खातों में 944.55 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे. सरकार ने साल में दो बार छात्रवृत्ति देने की व्यवस्था लागू की है, ताकि छात्रों को पढ़ाई के सत्र के दौरान समय पर आर्थिक मदद मिल सके. इससे फीस, किताबों, पढ़ाई के सामान और अन्य जरूरी खर्चों का बोझ कम हो रहा है. खास तौर पर गांवों और गरीब परिवारों के बच्चों के लिए यह मदद बीच में पढ़ाई छोड़ने की मजबूरी को रोकने में बड़ी भूमिका निभा रही है.

डीबीटी से पारदर्शिता, पात्र विद्यार्थियों तक सीधे पहुंच रहा लाभ

छात्रवृत्ति बांटने की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए योगी सरकार ने डिजिटल माध्यमों पर जोर दिया है. आवेदन करने से लेकर वेरिफिकेशन और पेमेंट तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है. आधार से जुड़े बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए पैसा भेजा जा रहा है, जिससे पात्र छात्रों को सीधे लाभ मिल रहा है और बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है.

डिजिटल सिस्टम का एक बड़ा फायदा यह भी है कि आवेदन और भुगतान की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता आई है. छात्र घर बैठे अपनी पात्रता और आवेदन से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं.

सख्त वेरिफिकेशन व्यवस्था से गलत लोगों को बाहर करने और असली जरूरतमंदों तक सरकारी मदद पहुंचाने में आसानी हुई है. इस तरह तकनीक को जनकल्याण से जोड़कर सरकार ने छात्रवृत्ति वितरण को पहले से कहीं ज्यादा आसान और भरोसेमंद बना दिया है.

पहली पीढ़ी के विद्यार्थियों के सपनों को मिल रही नई उड़ान

जब किसी परिवार में पहली बार कोई बच्चा इंटरमीडिएट के बाद उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज या यूनिवर्सिटी पहुंचता है, तो उसके सामने सिर्फ पढ़ाई की ही चुनौती नहीं होती, बल्कि पैसों की कमी भी एक बड़ी रुकावट बनती है.

ऐसे परिवारों के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाएं उम्मीद की बड़ी किरण बन रही हैं. सरकारी मदद से छात्र आसानी से अपनी फीस भर पा रहे हैं, किताबें खरीद पा रहे हैं और पढ़ाई से जुड़े बाकी खर्च पूरे कर पा रहे हैं, जिसका समाज पर भी सकारात्मक असर पड़ रहा है.