बैंक ग्राहकों की मौज! हड़ताल से पहले रविवार को भी खुले रहेंगे बैंक, सरकार का बड़ा फैसला
देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आ रही है। अगर आप भी आने वाले दिनों में बैंक जाने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि सरकार ने ग्राहकों की परेशानियों को देखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। वित्त मंत्रालय ने जानकारी दी है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने सभी बैंक शाखाओं, दफ्तरों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को आगामी रविवार यानी 27 सितंबर को पूरी तरह से चालू रखने की मंजूरी दे दी है।
सरकार की ओर से जारी किए गए नोटिफिकेशन में साफ कहा गया है कि आम जनता की बैंकिंग जरूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, यह सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक रविवार, 27 सितंबर, 2026 को सामान्य दिनों की तरह पूरी तरह से काम करेंगे।
इसके अलावा, सरकार और बैंक प्रबंधन ने कर्मचारी यूनियनों से इस प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील भी की है। ग्राहकों की सुविधा के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक जैसे बड़े बैंकों ने अपनी एडवाइजरी जारी कर दी है। बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे हड़ताल शुरू होने से पहले ही अपने जरूरी वित्तीय लेनदेन पूरे कर लें और हड़ताल के दौरान डिजिटल व सेल्फ-सर्विस चैनलों का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।
चूंकि 26 और 27 सितंबर को महीने का वीकेंड (शनिवार और रविवार) है और इसके तुरंत बाद 28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल प्रस्तावित थी, ऐसे में यह आशंका जताई जा रही थी कि बैंक लगातार पांच दिनों तक पूरी तरह बंद रह सकते हैं। लेकिन सरकार ने रविवार, 27 सितंबर को बैंक शाखाओं और एटीएम-लिंक शाखाओं को खुला रखने का आदेश देकर इस संकट को पूरी तरह टाल दिया है।
गौरतलब है कि बैंक यूनियंस मुख्य रूप से बैंकिंग सेक्टर में हफ्ते में 5 दिन काम करने के नियम (5-day working week) को लागू करने की मांग कर रही हैं।