गैस सिलेंडर के लिए मचेगी हाहाकार? 76 एजेंसियां रातों-रात, सस्पेंड कहीं आपकी एजेंसी भी तो शामिल नहीं?

Newspoint

नई दिल्ली: देश में एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति साफ कर दी है। पेट्रोलियम मंत्रालय की वरिष्ठ अधिकारी सुजाता शर्मा ने देशवासियों को भरोसा दिलाया है कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। सरकार हर घर तक सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए ‘युद्धस्तर’ पर काम कर रही है। वहीं, संकट का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने वाली एजेंसियों पर सरकार ने अपना डंडा चला दिया है।

Hero Image
बुकिंग से ज्यादा हुई डिलीवरी, बैकलाग खत्म

सरकार ने आंकड़ों के साथ बताया कि पिछले तीन दिनों के भीतर देशभर में 1 करोड़ 14 लाख बुकिंग हुई थी, जिसके मुकाबले रिकॉर्ड 1 करोड़ 26 लाख घरों में सिलेंडर पहुंचाए गए हैं। यह अतिरिक्त डिलीवरी इसलिए की गई है ताकि पिछला सारा बैकलाग खत्म किया जा सके। इसके अलावा कमर्शियल गैस की मांग को पूरा करने के लिए भी 17 हजार टन की सप्लाई की गई है। सरकार का दावा है कि किसी भी गैस एजेंसी पर ‘स्टॉक खत्म’ होने की नौबत नहीं आने दी जाएगी क्योंकि रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं।

छोटे सिलेंडर और PNG का जलवा

एलपीजी के बोझ को कम करने के लिए सरकार अब वैकल्पिक रास्तों पर जोर दे रही है। पिछले तीन दिनों में 5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों की रिकॉर्ड 1.40 लाख बिक्री हुई है, जिसके लिए तेल कंपनियां जगह-जगह कैंप लगा रही हैं। वहीं पाइप वाली गैस (PNG) का नेटवर्क भी तेजी से फैल रहा है। अब तक 6.75 लाख नए कनेक्शन दिए जा चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि पीएनजी की सुविधा मिलते ही 52 हजार से ज्यादा लोगों ने अपना एलपीजी सिलेंडर सरेंडर कर दिया है।

गड़बड़ी करने वालों की खैर नहीं: 1500 छापेमारी

सप्लाई चेन में सेंध लगाने वालों के खिलाफ सरकार ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है। सुजाता शर्मा के मुताबिक, पिछले तीन दिनों में देश भर में 1500 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस बड़ी कार्रवाई में नियमों की धज्जी उड़ाने वाले 382 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स पर मोटा जुर्माना ठोका गया है, जबकि गंभीर धांधली के आरोप में 76 एजेंसियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। सरकार ने चेतावनी दी है कि ग्राहकों को परेशान करने वाली एजेंसियों का लाइसेंस रद्द करने में भी देर नहीं लगेगी।

पैनिक बाइंग से बचें, होर्मुज का संकट फिर भी सप्लाई जारी

मंत्रालय ने साफ कहा है कि लोग घबराकर सिलेंडर जमा न करें (Panic Buying)। हालांकि सुजाता शर्मा ने स्वीकार किया कि भारत की 90% एलपीजी ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ के रास्ते आती है जो फिलहाल बंद है, लेकिन इसके बावजूद सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं। उन्होंने बताया कि हमारी तेल कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार से महंगी गैस खरीदकर लोगों को सस्ते में बेच रही हैं, ताकि जनता पर बोझ न पड़े।

पीएम मोदी की अपील: इसे बनाएं ‘जन आंदोलन’

प्रेस ब्रीफिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील को भी दोहराया गया जिसमें उन्होंने पेट्रोल-डीजल के संयमित उपयोग की बात कही थी।

सरकार ने लोगों से ‘कार-पूलिंग’, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने का आग्रह किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार की उथल-पुथल से अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए देशवासियों से इस मुहिम को एक ‘जन आंदोलन’ बनाने की अपील की गई है।