'जब हर कोई कमा रहा है तो मैं क्यों नहीं…' क्रिप्टो से बढ़ी दौलत पर डोनाल्ड ट्रंप का चौंकाने वाला बयान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपनी बेबाकी और कमाई को लेकर चर्चा में आ गए हैं। अपनी क्रिप्टोकरेंसी और निजी बिजनेस से बढ़ी दौलत को लेकर उठ रहे सवालों पर ट्रंप ने खुलकर जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि इस कमाई में कुछ भी गलत नहीं है, क्योंकि इस समय सिर्फ वही नहीं बल्कि ‘हर कोई मुनाफा कमा रहा है।’ ट्रंप का दावा है कि उनकी निजी संपत्तियों का प्रबंधन एक ‘ब्लाइंड ट्रस्ट’ के जरिए होता है और वह खुद अपने निवेश से जुड़े फैसलों में किसी भी तरह का दखल नहीं देते हैं।
बुधवार को कतर की तरफ से अमेरिका को उपहार में मिले नए ‘एयर फोर्स वन’ विमान से अपनी पहली उड़ान पर रवाना होने से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान जब उनसे तीखा सवाल पूछा गया कि क्या वह राष्ट्रपति पद का इस्तेमाल अपनी निजी संपत्ति को बढ़ाने के लिए कर रहे हैं, तो ट्रंप ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।