ट्रंप ने गिरा दिए सोने-चांदी के भाव? 2026 तो सोने-चांदी के लिए फिसल पटरी ही बन गया है. जनवरी में 10 ग्राम सोना 1.75 लाख रुपये के भी ऊपर था और लोग कह रहे थे कि यह 2 लाख को पार करेगा. लेकिन अब यह गिरकर 1.25 लाख रुपये के रेट की तरफ़ जाता दिख रहा है.
चांदी का तो और बुरा हाल है. जनवरी में यह 4.25 लाख रुपये किलो के रेट को छूने वाली थी और अब 1.75 लाख के भी काफ़ी नीचे आ चुकी है. तो आखिर यह क्या हो गया?
हुआ यह कि अमेरिका में महंगाई बढ़ गई और अभी जल्दी घटती नहीं दिख रही. इसलिए लोग कह रहे हैं कि ट्रंप ने गिरा दिए सोने-चांदी के दाम. लेकिन अमेरिका में महंगाई बढ़ गई तो उससे हमारे यहां सोने-चांदी के दाम क्यों गिर गए? यह क्या कनेक्शन है, इसे समझने की ज़रूरत है. तो पहले तो यह समझ लीजिए कि सोने-चांदी के दाम बढ़ते क्यों हैं? दाम तो सोने-चांदी के भी उसी वजह से बढ़ते हैं जैसे बाक़ी किसी भी चीज़ के बढ़ते हैं.
कैसे तय होते हैं सोने-चांदी के दाम?
जब बाज़ार में कोई चीज़ कम होती है और ख़रीदार ज़्यादा होते हैं तो ख़रीदार ज़्यादा रेट देने के लिए भी तैयार हो जाते हैं और उस चीज़ के दाम बढ़ जाते हैं.
इसी तरह जब बाज़ार में बेचने वाले ज़्यादा हो जाते हैं और ख़रीदने वाले उतने नहीं होते तो बेचने वाले उस चीज़ को कम रेट पर भी बेचने के लिए तैयार हो जाते हैं और उस चीज़ के दाम घट जाते हैं. यह सोने-चांदी का बाज़ार हम और आप नहीं हैं जो गहने ख़रीदते हैं. हमारी-आपकी ख़रीद तो चिल्लड़ टाइप की होती है. असली बड़ी ख़रीदारी करते हैं सोने-चांदी में निवेश करने वाले दुनिया के बैंक और निवेश कंपनियां.
चांदी का इलेक्ट्रॉनिक्स बाज़ार और चीन की चाल
चांदी का एक और भी बड़ा बाज़ार है इलेक्ट्रॉनिक्स का.
इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग में चांदी का बहुत इस्तेमाल होता है क्योंकि चांदी से बिजली सबसे तेज़ी से दौड़ती है, तांबे से भी ज़्यादा तेज़ी से. तो इलेक्ट्रॉनिक्स के सर्किट वगैरह में चांदी का बहुत इस्तेमाल होता है और सोलर पैनल में भी चांदी का बहुत इस्तेमाल होता है. दुनिया के बड़े-बड़े बैंक और निवेश कंपनियां सोना इसलिए ख़रीदती हैं क्योंकि यह बहुत ही सुरक्षित निवेश माना जाता है. वे चांदी भी इसीलिए ख़रीदते हैं, लेकिन चांदी की आधी मांग तो समझ लीजिए उद्योग से आती है.
जनवरी में चांदी 4.25 लाख पार क्यों कर रही थी?
जनवरी में चांदी 4.25 लाख को पार करती इसलिए दिख रही थी क्योंकि युद्ध के माहौल बन रहे थे कई जगह दुनिया में और सोलर बिजली का ज़माना आता दिख रहा था. चीन धड़ाधड़ चांदी ख़रीदे जा रहा था अपने उद्योग के लिए और अपने यहां से उसने चांदी बाहर जाने पर बैन लगा दिया था ताकि चीन से चांदी किसी और देश में न जाए. ऐसा आकलन लगाया जा रहा था कि चीन पूरी दुनिया की चांदी पर अपना कंट्रोल रखना चाहता है ताकि इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक गाड़ियों, डेटा सेंटरों और बाक़ी उद्योग में दूसरे देशों की कंपनियों के लिए चांदी ही इतनी महंगी हो जाए कि उनका सामान चीन के सामान से मुक़ाबला ही न कर पाए.
सोना क्यों जा रहा था 2 लाख के पार?
सोना 1.75 लाख प्रति 10 ग्राम के रेट को पार कर गया था और 2 लाख को पार करने की बातें हो रही थीं क्योंकि ईरान में तनाव हो गया था, वेनेज़ुएला में तनाव हो गया था, यूक्रेन युद्ध चले ही जा रहा था और सब जगह अनिश्चितता हो गई थी. ऐसे में दुनिया के देशों के रिज़र्व बैंकों ने और बड़ी-बड़ी निवेश कंपनियों ने सोना लेना शुरू कर दिया था अपना निवेश सुरक्षित रखने के लिए.
ईरान युद्ध और तेल की सप्लाई का टेटुआ
लेकिन फिर क्या हुआ कि ट्रंप ने ईरान पर युद्ध ही कर दिया. ट्रंप और नेतनयाहू ने सोचा था कि एक-दो हफ़्ते में वे जीत जाएंगे और ईरान में तख़्तापलट हो जाएगा और वे अपनी मर्ज़ी की सरकार बैठा देंगे जैसा वेनेज़ुएला में किया था.
जबकि हुआ यह कि ईरान ने दुनिया में तेल की सप्लाई का टेटुआ दबा दिया. ट्रंप पहले ही सब देशों पर टैरिफ़ लगाए जा रहे थे कि अमेरिका में सामान बेचना है तो इंपोर्ट ड्यूटी देनी होगी. वे कह रहे थे कि इससे अमेरिका की कंपनियों को अपना माल बेचने का मौक़ा मिलेगा.
टैरिफ, महंगाई और अमेरिका की सरकार का उधार
जबकि एक्सपर्ट लोग पहले ही चेता रहे थे कि इससे तो अमेरिका में ही बाहर का सामान महंगा हो जाएगा और महंगाई तो अमेरिका की पब्लिक की बढ़ेगी. लेकिन ट्रंप किसी की सुन ही नहीं रहे थे और ऊपर से ईरान युद्ध कर दिया.
इससे तेल भी महंगा हो गया और अमेरिका में हर चीज़ महंगी होनी शुरू हो गई, वहां महंगाई बढ़ने लग गई. ट्रंप को युद्ध के लिए और पैसा चाहिए था. किसी सरकार को पैसा चाहिए होता है तो वह क्या करती है? या तो टैक्स बढ़ा दे या बाज़ार से उधार ले ले. पहले ही महंगाई बढ़ रही थी, तो टैक्स तो बढ़ा नहीं सकते थे. ऐसे में अमेरिका की सरकार बाज़ार से और ज़्यादा उधार लेने लग गई.
अमेरिकी बॉन्ड और उसकी यील्ड का खेल
जब सरकार बाज़ार से उधार लेती है तो जो उधार की रसीद देती है, उसको कहते हैं बॉन्ड. बॉन्ड पर लिखा होता है कि इतने डॉलर उधार लिया, इतने साल बाद लौटाने का वादा है और उस पर इतना ब्याज देने का वादा है.
महंगाई बढ़ती गई तो उधार पर ब्याज भी ज़्यादा देना पड़ता गया, यानी अमेरिका की सरकार के बॉन्ड पर ब्याज बढ़ गया. इसको कहते हैं बॉन्ड की यील्ड. अमेरिका की सरकार के बॉन्ड की यील्ड बढ़ गई, मतलब अमेरिका की सरकार को उधार दो तो ज़्यादा ब्याज मिलने लगा.
सोने की जगह बॉन्ड में निवेश और गिरते दाम
बॉन्ड की यील्ड 5% को पार कर गई, यानी अमेरिका की सरकार के बॉन्ड लो तो 5% ब्याज मिलने लगा. अमेरिका के बॉन्ड को सोने जैसा ही सुरक्षित निवेश माना जाता है क्योंकि उस पर अमेरिका की सरकार की गारंटी होती है कि पैसा कहीं नहीं डूबने वाला.
ऊपर से ब्याज भी मिलेगा और वह भी डॉलरों में. तो दुनिया भर के बड़े-बड़े बैंकों और निवेश कंपनियों ने सोने के बजाय अमेरिका के सरकार के बॉन्ड लेने शुरू कर दिए, जहां 5% से ज़्यादा ब्याज फुल गारंटी और डॉलरों में मिल रहा था. सोने-चांदी पर तो बैंकों और निवेश कंपनियों को कोई ब्याज मिलता नहीं. युद्ध चलता गया, अमेरिका में महंगाई बढ़ती गई, अमेरिका के बॉन्ड की यील्ड बढ़ती गई और सोने के दाम गिरते गए. यही होता रहा है इस पूरे साल. 1.75 लाख से 2 लाख की तरफ़ जाने की बातें हो रही थीं सोने की और अब यह हाल है कि 1.25 की तरफ़ ढलान हो रही है.
फ़ेडरल रिज़र्व की ब्याज दरें और तेल का असर
अमेरिका में महंगाई ऐसी हो गई कि 3 साल में पहली बार वहां के रिज़र्व बैंक फ़ेडरल रिज़र्व को सितंबर में ब्याज दर बढ़ानी पड़ गई. उसने दर 3.75% से बढ़ाकर 4% कर दी. अक्टूबर में हालांकि ब्याज दर नहीं बढ़ाई फ़ेडरल रिज़र्व ने, लेकिन अब आकलन यह है कि दिसंबर में फिर वहां का रिज़र्व बैंक ब्याज दर को बढ़ाकर 4% से 4.25% करने वाला है क्योंकि महंगाई अभी कम होती नहीं दिख रही. हालांकि कच्चे तेल के दाम थोड़े तो कम हुए हैं, लेकिन ईरान तो अब तक तेल के रास्ते पर कुंडली मार कर बैठा ही है.
तो अगर ब्याज दरें दिसंबर में फिर बढ़ानी पड़ जाएंगी वहां पर, तो बॉन्ड की यील्ड भी कम नहीं होने वाली. यानी दुनिया भर के बड़े-बड़े बैंक सोने के बजाय अमेरिका की सरकार के बॉन्ड ही लेते रहेंगे और अभी कुछ महीनों तक तो ऐसा ही दिखता है.
सोने-चांदी के क्रैश का साल और वजह
इसीलिए सोने के दाम गिरे जा रहे हैं. चांदी के गिरने की भी एक वजह तो यही थी और दूसरी वजह यह रही कि सोलर पैनल में जो पहले चांदी लग रही थी, उसकी जगह नई तकनीक आ गई तो वहां चांदी की मांग दुनिया भर में कम हो गई. इससे चांदी का दाम भी क्रैश होता गया.
उद्योग-धंधा दुनिया भर में वैसे भी ईरान जंग ने चौपट कर ही दिया इस साल. अमेरिका में महंगाई कम नहीं होगी तो वहां ब्याज दरें कम नहीं होंगी, ब्याज दरें कम नहीं होंगी तो अमेरिका के बॉन्ड पर भी निवेशकों को ब्याज ऊंचा मिलता रहेगा और सोने-चांदी की डिमांड वैसे नहीं बढ़ने वाली जैसे इस साल की शुरुआत में मानी जा रही थी. 2026 तो हो गया सोने-चांदी के क्रैश का साल और धक्का किसने दिया? ट्रंप ने. सौ बात की एक बात.