बिहार के लोगों को महंगाई का तगड़ा झटका! दूध से लेकर दही और लस्सी तक सब कुछ हुआ महंगा, सुधा डेयरी ने जारी किए नए रेट

Newspoint

पटना: बिहार में आम आदमी की जेब पर एक बार फिर महंगाई का बड़ा बम फूटा है. सुबह की चाय से लेकर रात के खाने तक, हर घर की जरूरत बनने वाले सुधा डेयरी (Sudha Dairy) के उत्पादों को खरीदना अब और महंगा होने जा रहा है. बिहार स्टेट मिल्क कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (COMFED) ने सुधा ब्रांड के दूध और उससे बने कई जरूरी सामानों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी का आधिकारिक ऐलान कर दिया है.

Hero Image
राहत की बात बस इतनी है कि आपके पास पुराने रेट पर सामान खरीदने के लिए थोड़ा सा वक्त है, क्योंकि डेयरी की ये नई दरें 25 मई से पूरे राज्य में लागू होने जा रही हैं. इस फैसले का सीधा असर आम उपभोक्ताओं के बजट पर पड़ेगा, क्योंकि रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाले दूध, दही, घी, पनीर और लस्सी जैसी चीजें अब जेब को ज्यादा ढीली करेंगी.

आखिर क्यों अचानक बढ़ाने पड़े सुधा डेयरी को दाम?

फेडरेशन की ओर से इस बढ़ोतरी को लेकर एक बेहद अहम वजह बताई गई है. अधिकारियों के मुताबिक, गांवों में पशुपालक किसानों से जो दूध खरीदा जाता है, उसके खरीद दाम में 2 रुपये से लेकर 3.13 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया है.

किसानों को ज्यादा पैसे देने के साथ-साथ बाजार में कच्चे माल की कमी, डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दाम, पैकेजिंग मटीरियल की बढ़ती लागत, ट्रांसपोर्टेशन और फैक्ट्री में प्रॉडक्शन का खर्च भी लगातार बढ़ रहा था. फेडरेशन का कहना है कि इन्हीं सब वजहों से मजबूरन दूध और उससे बने प्रॉडक्ट्स की कीमतों में संशोधन करने का यह बड़ा फैसला लेना पड़ा है.

अब कितने में मिलेगा एक लीटर दूध, देखें पूरी रेट लिस्ट

नई दरों के सामने आने के बाद अब सुधा टोंड दूध (Sudha Toned Milk) का आधा लीटर का पैकेट ग्राहकों को 27 रुपये की जगह 28 रुपये में मिलेगा, जबकि इसका एक लीटर वाला पैकेट सीधे 52 रुपये से बढ़कर अब 55 रुपये का हो जाएगा.

वहीं डबल टोंड दूध की बात करें तो इसका आधा लीटर का पैकेट 25 से बढ़कर 26 रुपये और एक लीटर का पैकेट 48 से बढ़कर अब 50 रुपये का हो गया है.

इसके अलावा, सुधा स्टैंडर्ड दूध का आधा लीटर का पैकेट अब 31 रुपये और एक लीटर वाला पैकेट 60 रुपये में मिलेगा. जो लोग सबसे ज्यादा डिमांड में रहने वाले सुधा गोल्ड (Sudha Gold) दूध को पसंद करते हैं, उन्हें अब आधा लीटर पैकेट के लिए 35 रुपये और एक लीटर के पैकेट के लिए सीधे 68 रुपये चुकाने होंगे. इसके साथ ही गाय के दूध (Cow Milk) और टी स्पेशल दूध की कीमतों में भी ब्रांड ने 1 रुपये से लेकर 3 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है.

घी, पनीर और मक्खन के शौकीनों की भी बढ़ेगी जेब ढीली

अगर आप सोच रहे हैं कि महंगाई का यह तड़का सिर्फ दूध के पैकेट पर लगा है, तो आप गलत हैं. सुधा के कई और बेहद लोकप्रिय मिल्क प्रॉडक्ट्स भी अब काफी महंगे हो गए हैं. अब बाजार में सुधा का 500 मिलीलीटर वाला घी का पॉली पैक 315 रुपये की जगह सीधे 325 रुपये में मिलेगा.

पनीर प्रेमियों को भी अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे; 200 ग्राम पनीर का दाम 85 रुपये से बढ़कर अब 95 रुपये हो गया है, जबकि आधा किलो पनीर का पैक अब आपको 220 रुपये में मिलेगा. इसके साथ ही नाश्ते की टेबल की शान बढ़ाने वाले बटर के दाम भी काफी बढ़ गए हैं.

सुधा का 100 ग्राम वाला टेबल बटर अब 62 रुपये और 500 ग्राम वाला बड़ा पैक 305 रुपये का मिलेगा.

गर्मी के सीजन में दही, लस्सी और मिठाइयां भी हुईं महंगी

भीषण गर्मी के इस सीजन में दही और ठंडी-ठंडी लस्सी प्रेमियों को भी बड़ा झटका लगा है. नई रेट लिस्ट के मुताबिक, अब 450 ग्राम दही का पाउच 35 रुपये में मिलेगा, जबकि एक किलो दही का पैकेट खरीदने के लिए ग्राहकों को 78 रुपये खर्च करने होंगे. इसके अलावा, 140 मिलीलीटर वाली सादा लस्सी अब 12 रुपये और मैंगो लस्सी प्रेमियों को 15 रुपये में मिलेगी. केवल इतना ही नहीं, सुधा पार्लर पर मिलने वाले पेड़ा, मिल्क केक, कलाकंद, रसगुल्ला और गुलाब जामुन जैसी स्वादिष्ट मिठाइयों के दाम भी पहले से ज्यादा बढ़ा दिए गए हैं, जिससे अब त्योहारों और खुशी के मौकों का स्वाद थोड़ा महंगा हो जाएगा.