1 जून से बदल गए जेब खाली करने वाले ये 7 नियम! गैस सिलेंडर से लेकर कारें तक हुईं महंगी

Newspoint

नई दिल्ली। आज से नए महीने यानी जून की शुरुआत हो चुकी है। हर महीने की पहली तारीख की तरह इस बार भी 1 जून से कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा और बड़ा असर आम आदमी की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाला है। आज सुबह से एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों से लेकर मारुति और हुंडई की कारों के दाम तक बढ़ चुके हैं। इसके अलावा यूपीआई पेमेंट, रेलवे सफर, एटीएम ट्रांजैक्शन फीस, सोलर पैनल और पैन कार्ड से जुड़े नियमों में भी भारी फेरबदल हो गया है।

Hero Image
आइए आपको बताते हैं कि आज से आपकी जिंदगी में क्या-क्या बदल गया है।

झटका! कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़े, जानें नई कीमतें

महीने के पहले ही दिन आम जनता को महंगाई का बड़ा झटका लगा है। आज से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में 42 रुपये प्रति सिलेंडर तक की भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। सिर्फ यही नहीं, 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा हुआ है, जिसके बाद दिल्ली में अब इसकी कीमत 821.50 रुपये पर पहुंच गई है। वहीं, देश की राजधानी में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर का रेट अब बढ़कर 3,113.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गया है।

हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

यूपीआई (UPI) से जुड़ा नियम बदला, अब फ्रॉड पर लगेगी लगाम

गूगल पे, फोन पे या पेटीएम इस्तेमाल करने वालों के लिए एक बड़ा अपडेट आया है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने ऑनलाइन फ्रॉड को रोकने के लिए एक नया नियम लागू करने का प्लान तैयार किया है। इसके तहत अब किसी भी यूपीआई ऐप से पेमेंट करने से पहले आपको स्क्रीन पर केवल वही असली नाम दिखाई देगा जो बैंक में रजिस्टर्ड (Beneficiary Name) है।

यानी अब क्यूआर कोड, मोबाइल नंबर या यूजर द्वारा खुद लिखे गए नाम की जगह उस व्यक्ति या व्यापारी का बैंक द्वारा वेरिफाइड नाम दिखेगा, जिससे गलत खाते में पैसा ट्रांसफर होने और धोखाधड़ी का खतरा खत्म हो जाएगा।

मारुति और हुंडई की कारें खरीदना हुआ महंगा

अगर आप इस महीने नई कार खरीदने की सोच रहे थे, तो आपको जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। देश की दो सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनियों मारुति सुजुकी और हुंडई मोटर इंडिया ने आज से अपने वाहनों की कीमतें बढ़ा दी हैं। मारुति सुजुकी अपने सभी मॉडल्स की कीमतों में 30,000 रुपये तक की बढ़ोतरी कर रही है, जो अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से तय होगी।

वहीं, हुंडई मोटर इंडिया ने भी अपने पूरे पोर्टफोलियो की कीमतों में 12,800 रुपये तक के इजाफे का ऐलान कर दिया है।

सावधान! आज से कैंसिल रहेंगी 77 ट्रेनें, कईयों के रूट बदले

ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। जून के महीने में भारतीय रेलवे की ओर से एक बड़ा रेल ब्लॉक लिया जा रहा है। इस मेगा ब्लॉक के कारण करीब 77 ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द कर दिया गया है, जबकि कई ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। रेलवे के इस फैसले का सीधा असर पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों के यात्रियों पर पड़ेगा।

कई सुपरफास्ट और दूरंतो ट्रेनों के समय और रूट को भी री-शेड्यूल किया गया है, इसलिए घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें।

पैन कार्ड (PAN Card) के नियमों में हुआ बड़ा फेरबदल, मिली राहत

पैन कार्ड से जुड़े नियमों में सरकार ने आज से बड़े बदलाव किए हैं, जो कुछ मामलों में राहत देने वाले हैं। पहले बैंक में एक दिन में 50,000 रुपये से ज्यादा कैश जमा करने पर पैन कार्ड देना अनिवार्य था, लेकिन अब इस शर्त को पूरी तरह से हटा दिया गया है। इसके साथ ही प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री में पैन की सीमा को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर सीधे 20 लाख रुपये कर दिया गया है।

हालांकि, अब 45 लाख रुपये से ज्यादा की प्रॉपर्टी डील, गिफ्ट डीड और जॉइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट (JDA) में पैन कार्ड देना जरूरी होगा। साथ ही, सालभर में 10 लाख रुपये से ज्यादा की कैश निकासी पर भी पैन रिपोर्टिंग लागू रहेगी।

सोलर पैनल लगवाने के लिए आया नया नियम, नहीं मिलेगी छूट

घर की छतों पर सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं के लिए आज से नया एएलएमएम (Approved List of Models and Manufacturers) नियम लागू हो गया है। इस नए नियम के तहत सभी सरकारी योजनाओं, नेट-मीटरिंग और सब्सिडी वाले प्रोजेक्ट्स में अब केवल उन्हीं सोलर मॉड्यूल और सेल का इस्तेमाल किया जा सकेगा जो ALMM List-I और List-II में शामिल हैं।

सरकार ने पहले ही साफ कर दिया है कि 1 जून के बाद ALMM List-II के नियमों में आगे कोई ढील या एक्सटेंशन नहीं दिया जाएगा।

एटीएम (ATM) से कैश निकालना हो सकता है महंगा, बदले चार्ज

आज से कुछ बैंकों के एटीएम से कैश निकालने और ट्रांजैक्शन करने के नियम भी बदल रहे हैं। कई बैंकों ने 1 जून से एटीएम ट्रांजैक्शन फीस, फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट और कैश निकासी से जुड़े नियमों में बदलाव करने का फैसला किया है। इससे पहले एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) ने यूपीआई एटीएम कैश निकासी को भी फ्री एटीएम लिमिट में शामिल कर दिया था, जबकि पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने कुछ चुनिंदा डेबिट कार्ड्स पर डेली कैश विड्रॉल लिमिट को घटा दिया था।

इसके साथ ही कई बैंकों ने अपनी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों में भी संशोधन किया है।