पहली बार युवाओं के लिए हुआ ऐसा ऐतिहासिक काम: UP सरकार के इस कदम से खुशी से झूमे छात्र
उत्तर प्रदेश के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी लखनऊ में ‘स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना’ के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का शानदार आगाज कर दिया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के पावन अवसर पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लखनऊ मंडल के चार जिलों—लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शिक्षण संस्थानों से आए 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं और युवाओं को अपने हाथों से टैबलेट बांटे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए बताया कि सरकार की तरफ से बांटे जा रहे इन आधुनिक टैबलेट्स में मशहूर सॉफ्टवेयर कंपनी इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से ज्यादा मुफ्त अध्ययन सामग्री (कोर्स) उपलब्ध कराई गई है। अब छात्र घर बैठे योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), गणित और डीप टेक जैसे जमाने के सबसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई आसानी से कर सकेंगे।
इसके साथ ही, इन टैबलेट्स में खास तौर पर ‘युवा साथी ऐप’ भी दिया गया है, जिसके जरिए युवाओं को केंद्र और राज्य सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं की सटीक जानकारी एक ही क्लिक पर मिल जाएगी।
मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ आंकड़े साझा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश हर साल दो लाख से ज्यादा साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और गणित (STEM) के ग्रेजुएट्स तैयार कर रहा है।
सरकार हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल इकोनॉमिक एंड इंडस्ट्रियल जोन स्थापित करने जा रही है, जबकि बुंदेलखंड में 56 हजार एकड़ जमीन पर एक विशाल औद्योगिक शहर बसाया जा रहा है। देश में बनने वाले कुल मोबाइल फोन का 55 फीसदी हिस्सा अकेले उत्तर प्रदेश में तैयार हो रहा है, और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की 60 फीसदी मैन्युफैक्चरिंग भी यहीं हो रही है।
समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के युवाओं को न तो समय पर अच्छी शिक्षा मिलती थी और न ही रोजगार के अवसर।
सपा को चार-चार बार सरकार चलाने का मौका मिला, लेकिन वे युवाओं को रोजगार देने के बजाय राज्य में ‘मुन्ना भाई’ संस्कृति को बढ़ावा देते रहे। परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति पत्र किसी और को थमा दिया जाता था। सैफई सिंडिकेट ने भर्तियों में अपने चहेतों को भर दिया था, जिन्हें उनकी सरकार ने आते ही पूरी तरह निरस्त कर दिया।
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उनकी सरकार ने 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। आज के इस कार्यक्रम में मौजूद 50 से 55 हजार युवाओं की संख्या से भी दोगुने युवाओं को इसी आगामी 26 जनवरी तक नियुक्ति पत्र सौंपने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग में 3,568, पंचायती राज विभाग में 1,375, उत्कृष्ट खिलाड़ियों में 470, फॉरेंसिक साइंस में 28, पुलिस विभाग में 4,543 और राजस्व विभाग में 1,146 नियुक्तियों पर काम चल रहा है।
प्रदेश की बदली हुई कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि अपराधियों और माफियाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति ने पूरे उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं। आज पूरे राज्य में गर्व से कहा जाता है—’नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा।’ जो कभी बड़े-बड़े माफिया हुआ करते थे, वे आज मिट्टी में मिल चुके हैं और दंगाई दुबक कर बैठ गए हैं।
कभी दूसरे राज्यों के लोग यूपी का नाम सुनते ही कतराते थे, लेकिन आज यहां के युवाओं, व्यापारियों और बेटियों को पूरी दुनिया में मान-सम्मान मिल रहा है। कभी ‘बीमारू’ कहे जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शान से शामिल हो चुका है।
युवाओं से खास अपील, मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं नामकार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी युवा साथियों से एक बेहद अहम अपील करते हुए कहा कि जिन भी युवाओं की उम्र 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी होने जा रही है, वे बिना किसी देरी के मतदाता सूची में अपना नाम जरूर दर्ज कराएं।