भारत से 48 गुना सस्ता पेट्रोल! जानिए दुनिया के किस देश में पानी के भाव मिल रहा है ईंधन
दुनिया में पेट्रोल की कीमतें सुनकर अक्सर लोगों के होश उड़ जाते हैं। ग्लोबली कहीं पेट्रोल सिर्फ 2.24 रुपये लीटर मिलता है, तो कहीं इसकी कीमत सीधे 421.80 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच जाती है। हांगकांग में पेट्रोल का भाव भारत के मुकाबले लगभग चार गुना ज्यादा है, तो वहीं लीबिया, ईरान और वेनेजुएला जैसे देशों में यह भारत से करीब 32 से 48 गुना तक सस्ता बिकता है। ‘ग्लोबल पेट्रोल प्राइसेज’ के आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत में पेट्रोल का औसत रेट 108.70 रुपये प्रति लीटर है, जबकि पूरी दुनिया में ऑक्टेन-95 पेट्रोल की औसत कीमत करीब 151.81 रुपये प्रति लीटर चल रही है।
अगर देश की राजधानी दिल्ली की बात करें, तो बेंचमार्क के तौर पर यहां आज भी पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। हालांकि, देश के भीतर भी कीमतों में काफी अंतर देखने को मिलता है। भारत में सबसे सस्ता पेट्रोल अंडमान के पोर्ट ब्लेयर में मिलता है, जहां 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 88.66 रुपये और डीजल 84.56 रुपये प्रति लीटर है। इसके विपरीत, सबसे महंगा पेट्रोल आंध्र प्रदेश के चित्तूर में है, जहां यह 118.34 रुपये प्रति लीटर और डीजल 106.06 रुपये प्रति लीटर के भाव पर बिक रहा है।
भारत में पिछले एक साल के दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अगर सितंबर 2025 के आंकड़ों को देखें तो तब पेट्रोल की औसत कीमत 101.13 रुपये प्रति लीटर थी, जो बढ़कर सितंबर 2026 तक 108.70 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है। यानी इसमें करीब 7.5 फीसदी की तेजी आई है। इसी तरह डीजल भी 90.53 रुपये से बढ़कर 98.14 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जिसमें लगभग 8.4 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इतना भारी अंतर क्यों होता है?साल की शुरुआत की तुलना में इस समय ग्लोबल मार्केट में तेल की कीमतें 60 फीसदी से भी ज्यादा ऊपर चल रही हैं, जिसकी वजह से दुनिया भर के बाजारों में महंगाई बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि होर्मुज जलमार्ग खुल जाता है और मध्य-पूर्व (Middle East) से तेल की सप्लाई सामान्य हो जाती है, तो वैश्विक बाजार पर से दबाव कुछ कम हो सकता है। इसके विपरीत, यदि तनाव और संघर्ष जारी रहता है और सप्लाई बाधित होती है, तो कच्चे तेल के दामों में आगे भी भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।