न्यूनतम पेंशन पर सबसे बड़ा सस्पेंस! जानें 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट के बाद कैसे साफ होगी तस्वीर
केंद्र सरकार के पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग से बड़ी उम्मीदें हैं। इसी कड़ी में भारत पेंशनर्स समाज (BPS) ने आयोग को अपना ज्ञापन सौंपकर हलचल बढ़ा दी है। 10 लाख केंद्रीय पेंशनर्स का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले इस संगठन ने न्यूनतम पेंशन 45,000 रुपये तय करने की सिफारिश की है। अभी 7वें वेतन आयोग के तहत न्यूनतम पेंशन 9,000 रुपये मिलती है, यानी यह सीधे पांच गुना बढ़ोतरी की मांग है।
सिर्फ BPS ही नहीं, बल्कि केंद्रीय कर्मचारियों की मुख्य संस्था नेशनल काउंसिल ऑफ जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) ने भी पेंशन में बड़े उछाल का फॉर्मूला दिया है। NC-JCM ने 3.833 फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग की है, साथ ही पेंशन को आखिरी वेतन का 67 फीसदी करने का सुझाव दिया है।
इसे एक आसान उदाहरण से समझिए। मान लीजिए 7वें वेतन आयोग में किसी कर्मचारी का बेसिक पे 60,000 रुपये है और रिटायरमेंट के समय उसका आखिरी वेतन 1 लाख रुपये बनता है।
8वें वेतन आयोग के सामने देश के कई बड़े कर्मचारी संगठनों ने अपने सुझाव रखे हैं और ज्यादातर संगठन पेंशन के नियम बदलने पर जोर दे रहे हैं।
दूसरी तरफ, फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गेनाइजेशन (FNPO) ने पेंशन को विभागीय बजट से पूरी तरह अलग करने की बात कही है और संगठन चाहता है कि इसे भारत की संचित निधि (Consolidated Fund of India) के तहत लाया जाए। वहीं ऑल इंडिया न्यू पेंशन स्कीम एम्प्लॉइज फेडरेशन (AINPSEF) ने सिविल कर्मचारियों के लिए भी वन रैंक वन पेंशन (OROP) की मांग रखी है, और इंडियन रेलवे सुपरवाइजर्स एसोसिएशन (IRTSA) ने सभी पेंशन स्कीम में रिटायरमेंट ग्रेच्युटी व डेथ ग्रेच्युटी के साथ OROP लागू करने की सिफारिश की है।
इस बार लगभग सभी बड़े संगठनों ने OROP को प्रमुख मुद्दा बनाया है। इस व्यवस्था में एक ही पद से अलग-अलग समय पर रिटायर होने वाले कर्मचारियों को बराबर पेंशन मिलती है। सरकार ने 2014 में भारतीय सशस्त्र बलों के लिए इसे लागू किया था, हालांकि इससे सरकार के पेंशन बिल पर भारी बोझ बढ़ा। आज हालात यह हैं कि देश में 58 लाख केंद्रीय कर्मचारियों के मुकाबले 69 लाख पेंशनर्स हैं। ऐसे में सभी केंद्रीय पेंशनर्स के लिए OROP लागू करना सरकारी खजाने पर बहुत भारी पड़ सकता है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकार 45,000 रुपये न्यूनतम पेंशन की मांग मान लेगी? पिछले दो वेतन आयोगों का रिकॉर्ड देखें, तो सरकार ने हमेशा फिटमेंट फैक्टर के आधार पर ही बेसिक पेंशन बढ़ाई है। 7वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लगाकर न्यूनतम पेंशन 9,000 रुपये तय की गई थी।
इस बार संगठन भले ही पांच गुना बढ़ोतरी मांग रहे हों, लेकिन इसका लागू होना बेहद मुश्किल दिखता है। कई जानकारों का मानना है कि 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर अधिकतम 2.50 तक जा सकता है।