Gold Rate Fall: अंतरराष्ट्रीय बाजार में सुस्ती का असर, भारत में सस्ता हुआ सोना, चेक करें आज की नई रेट लिस्ट

Newspoint

नई दिल्ली: आज का दिन देश के लिए बेहद खास है क्योंकि चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों के नतीजे आ रहे हैं। सियासी हलचल के बीच सराफा बाजार से खरीदारों के लिए अच्छी खबर आई है। एमसीएक्स (MCX) पर आज सोने और चांदी, दोनों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गहने बनवाने की योजना बना रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है।

MCX पर सोना-चांदी हुए सस्ते

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज सोने का भाव 171 रुपये फिसलकर 1,51,181 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। चांदी का दाम 1,164 रुपये टूटकर 2,45,138 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी आज सुस्ती छाई हुई है। कॉमैक्स (Comex) पर सोना 0.54% गिरकर 4,619 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.61% की गिरावट के साथ 75.935 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।

शहरों के हिसाब से चांदी के भाव

चांदी की कीमतों की बात करें तो उत्तर भारत के प्रमुख शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, कोलकाता, यूपी, बिहार और चंडीगढ़ में चांदी का भाव करीब 2,64,900 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास चल रहा है। हालांकि, दक्षिण भारत में स्थिति थोड़ी अलग है। चेन्नई और हैदराबाद में चांदी की कीमत उत्तर भारत के मुकाबले ज्यादा है और यहां यह 2,69,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रही है।

आपके शहर में आज क्या है सोने का रेट?

देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखा जा रहा है।

  • दिल्ली: 24 कैरेट सोना 1,51,220 रुपये और 22 कैरेट 1,38,490 रुपये प्रति 10 ग्राम।
  • मुंबई और कोलकाता: 24 कैरेट सोना 1,50,920 रुपये और 22 कैरेट 1,38,340 रुपये प्रति 10 ग्राम।
  • चेन्नई: यहां कीमतें सबसे ज्यादा हैं, जहां 24 कैरेट सोना 1,52,720 रुपये और 22 कैरेट 1,39,990 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
  • पुणे और बेंगलुरु: 24 कैरेट का भाव 1,50,920 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,38,340 रुपये प्रति 10 ग्राम बना हुआ है।
आखिर क्यों गिर रही हैं कीमतें?
Hero Image

सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव के कई वैश्विक कारण हैं। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें केंद्रीय बैंकों को ब्याज दरें ऊंची रखने पर मजबूर कर सकती हैं। जब ब्याज दरें ऊंची होती हैं, तो निवेशक सोने के बजाय सरकारी बॉन्ड जैसे विकल्पों में निवेश करना पसंद करते हैं, जिससे सोने की मांग घटती है।

हाल ही में अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने भी सख्त रुख अपनाते हुए ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें कम कर दी हैं। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता पर भी निवेशकों की पैनी नजर है। इन तमाम भू-राजनीतिक और आर्थिक कारणों का सीधा असर भारतीय सराफा बाजार पर दिख रहा है।