दिवाली से पहले किसानों की बल्ले-बल्ले: सीधे खाते में आएंगे 5-5 हजार रुपये, सरकार का बड़ा फैसला
दिवाली के पावन त्योहार से ठीक पहले महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के सूखा प्रभावित किसानों के लिए राहत का बड़ा पिटारा खोल दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित हुई कैबिनेट बैठक में किसानों के हित में एक बेहद अहम और बड़ा फैसला लिया गया। इस फैसले के तहत राज्य की 304 सूखाग्रस्त तहसीलों के लगभग 1.5 करोड़ किसानों को 5,000-5,000 रुपये की अग्रिम आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिससे त्यौहारों के मौसम में किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है।
मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह अग्रिम आर्थिक मदद उन किसानों को दी जाएगी जिनकी फसलों को 33 प्रतिशत या उससे अधिक का नुकसान हुआ है। सरकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह सहायता राशि बिना किसी बिचौलिए के सीधे ‘डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर’ (DBT) के जरिए लाभार्थियों के सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
बैंक नहीं कर सकेंगे कोई कटौती, इस हफ्ते खाते में आएंगे पैसेमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि हर हाल में यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों के बैंक खातों में इसी हफ्ते के भीतर राहत राशि पहुंच जाए।
गौरतलब है कि इस साल राज्य में बारिश बहुत कम हुई है, जिसके चलते सरकार ने हाल ही में महाराष्ट्र की कुल 358 तहसीलों में से 304 तहसीलों को सूखा प्रभावित घोषित किया था। राज्य के 1.5 करोड़ किसानों को सूखा राहत के तौर पर 5,000 रुपये की अग्रिम सहायता राशि देने से सरकारी खजाने पर कुल 7,500 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
देवेंद्र फडणवीस कैबिनेट द्वारा मंजूर की गई इस अग्रिम सहायता योजना के तहत केवल वही किसान पात्र माने जाएंगे जिनकी फसल कम से कम 33 प्रतिशत या उससे ज्यादा खराब हुई है।